उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का पार्टी में बढ़ा कद, बीजेपी के पोस्टर बॉय बनें सीएम पुष्कर धामी
CM Pushkar Dhami Becomes BJP's 'Poster Boy'
देहरादून। CM Pushkar Dhami Becomes BJP's 'Poster Boy': मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सनातन धर्म संरक्षक के रूप में धाकड़ छवि ने उन्हें भाजपा का पोस्टर ब्वाय बना दिया है।
उत्तराखंड में अगले विधानसभा चुनाव में हैटट्रिक के लिए पार्टी की पतवार उनके हाथों में है ही, साथ में अब गैर हिंदी भाषी राज्य बंगाल के विधानसभा चुनाव में भी धुरंधर स्टार प्रचारक की भूमिका में हैं।
समान नागरिक संहिता, मतांतरण के विरुद्ध कड़ा कानून, आपरेशन कालेनेमि, सरकारी भूमि पर धार्मिक प्रतीक चिह्नों के आधार पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान समेत अपने कठोर निर्णयों के बूते मुख्यमंत्री धामी हिंदी भाषी के साथ ही गैर हिंदी भाषी राज्यों में भाजपा का चेहरा बन चुके हैं। उनकी यह पहचान विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी के काम आ रही है।
दिल्ली, हरियाणा, जैसे राज्यों के बाद हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव में धामी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार की बागडोर संभाली। हिंदी राज्यों के साथ गैर हिंदी भाषी राज्यों में उन्हें जनता का अच्छा-खासा समर्थन मिल रहा है।
उत्तराखंड की यूसीसी की अन्य राज्यों में धूम
समान नागरिक संहिता की पहल अब उत्तराखंड से होते हुए अन्य राज्यों तक पहुंच रही है। धामी सरकार ने सहज, लेकिन चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था के साथ समान नागरिक संहिता को क्रियान्वित कर अन्य राज्यों के लिए भी राह आसान कर दी है।
खास बात है कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता का प्रयोग सफल रहने के बाद गुजरात में भी इस कानून को क्रियान्वित किया जा रहा है, जबकि असम में यह चुनावी मुद्दा बन चुका है। बंगाल चुनाव में उन्होंने चार स्थानों पर जनसभाएं कीं तो बनगांव में उनके रोड शो में स्थानीय लोग अच्छी-खासी संख्या में उमड़े।
भाजपा के स्थापना दिवस पर सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अगले विधानसभा चुनाव में हैटट्रिक का संकल्प लिया गया। इस संकल्प को साकार करने में धामी सरकार के ठोस निर्णय, विकास और सुशासन को केंद्र में रखकर नीति नियोजन के लिए धामी सरकार की पीठ थपथपाई गई।