अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ आरेडिका

IREDICA immersed in Yoga on International Yoga

IREDICA immersed in Yoga on International Yoga

‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ थीम के साथ सप्ताहभर चले विविध कार्यक्रम, हजारों प्रतिभागियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का मंत्र

रायबरेली: IREDICA immersed in Yoga on International Yoga, आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ थीम के अंतर्गत अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ किया गया। महाप्रबंधक श्री रामन कृष्णन के मार्गदर्शन में सप्ताहभर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा 21 जून को गोमती इंडोर स्टेडियम में मुख्य योग समारोह संपन्न हुआ।

मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक “वंदे मातरम्” गायन से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित योगजनों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विशाखापट्टनम से प्रसारित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश एवं संबोधन देखा। योगाचार्य श्री अमित त्रिपाठी के कुशल निर्देशन में महाप्रबंधक श्री रामन कृष्णन, प्रमुख विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आरेडिका के विभिन्न परिसरों में भी योग शिविर आयोजित किए गए। अधिकारी क्लब में महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया। सुपरवाइजर क्लब में योगाचार्य अमित त्रिपाठी द्वारा वरिष्ठ कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को योग कराया गया। कर्मचारी क्लब में आयोजित योग शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने सहभागिता करते हुए योग को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

योग सप्ताह के दौरान 16 जून को सेंट्रल पार्क में सामूहिक योग सत्र, 17 जून को पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं योग साइकिल रैली, 18 जून को स्लोगन लेखन प्रतियोगिता तथा 19 जून को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, योग टॉक, निबंध लेखन, मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषयक जागरूकता शिविर तथा जागरूकता रैली आयोजित की गई।

स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा निकाली गई योग जागरूकता रैली ने कॉलोनीवासियों को योग के महत्व एवं लाभों से अवगत कराया। 20 जून को योग के लाभ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने दैनिक जीवन में योग अपनाने का प्रभावी संदेश प्रस्तुत किया। योग सप्ताह के दौरान बैनर, पोस्टर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

मुख्य कार्यक्रम का संचालन श्री आदित्य प्रकाश ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री रूपेश श्रीवास्तव ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं समग्र पद्धति है। इसी भावना के साथ आरेडिका परिवार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को उत्साह एवं सामूहिक सहभागिता के साथ मनाते हुए स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।