चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में लखनऊ और बलिया से दो आरोपी गिरफ्तार, सीबीआई ने पकड़ा
Chandranath Rath Murder Case
लखनऊ। Chandranath Rath Murder Case: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और बलिया से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई के सूत्रों के अनुसार, आरोपित विकास मिश्रा को लखनऊ के अशोक मार्ग पर स्थित एक होटल से जबकि गोलू सिंह को बलिया से गिरफ्तार किया गया है।
वहीं इस मामले में एक अन्य आरोपित ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू ने गुरुवार को बलिया की गैंगस्टर एक्ट अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, मोनू एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपितों को कोलकाता की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा
गिरफ्तार आरोपितों पर यह आरोप है कि उन्होंने छह मई को चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या की थी। गंभीर रूप से घायल रथ को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। बंगाल पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई ने इस मामले की जांच के लिए दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम यूनिट के एक डीआईजी के नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को कोलकाता की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।