पाकिस्तान को रौंदकर एशिया कप के फाइनल में पहुंचा भारत, आखिरी मिनटों में पलटा पूरा मैच

Hockey U-18 Asia Cup IND vs PAK Semi Final

Hockey U-18 Asia Cup IND vs PAK Semi Final

रांचीः Hockey U-18 Asia Cup IND vs PAK Semi Final: जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी में झारखंड के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. भारतीय पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि महिला टीम चीन के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में पेनाल्टी शूटआउट में हारकर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई.

दोनों मुकाबलों में झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन चर्चा का केंद्र रहा

पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला गया. मैच के शुरुआती तीन क्वार्टर तक पाकिस्तान 3-2 से आगे था और भारतीय टीम दबाव में दिखाई दे रही थी. ऐसे कठिन समय में झारखंड के उभरते सितारे आशीष तनी पूर्ति ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच का रुख बदल दिया. अंतिम क्वार्टर में आशीष ने लगातार तीन गोल दागकर हैट्रिक पूरी की और भारत को 5-3 की यादगार जीत दिला दी.

शानदार पारी की बदौलत भारतीय टीम फाइनल में

आशीष तनी पूर्ति के प्रदर्शन की पूरे देश में सराहना हो रही है. हॉकी प्रेमियों का मानना है कि दबाव की स्थिति में जिस तरह उन्होंने जिम्मेदारी संभाली, वह उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है. झारखंड लंबे समय से भारतीय हॉकी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी देता रहा है और आशीष ने इस परंपरा को आगे बढ़ाने का काम किया है.

वहीं महिला वर्ग के सेमीफाइनल में भारत और चीन के बीच बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिली. निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं. इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें चीन ने 3-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली. भारत की ओर से पेनाल्टी शूटआउट में एकमात्र गोल झारखंड की संदीपा कुमारी ने किया. हालांकि टीम जीत हासिल नहीं कर सकी लेकिन संदीपा ने दबाव के क्षणों में अपनी क्षमता का परिचय दिया. अब भारतीय महिला टीम कांस्य पदक के लिए कोरिया से मुकाबला करेगी.

इस बीच पुरुष सेमीफाइनल के बाद एक और घटना चर्चा में रही. एशिया हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने भारतीय टीम को जीत की बधाई देने के साथ-साथ हार से निराश पाकिस्तानी खिलाड़ियों का भी हौसला बढ़ाया. उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया. खेल भावना के इस उदाहरण की हॉकी जगत में व्यापक सराहना हो रही है.

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य भारतीय हॉकी की नर्सरी है. आशीष तनी पूर्ति की हैट्रिक और संदीपा कुमारी का प्रदर्शन पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है. हमें उम्मीद है कि पुरुष टीम फाइनल में स्वर्ण पदक जीतेगी और महिला टीम कांस्य पदक हासिल कर देश का नाम रोशन करेगी.

झारखंड के खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने राज्य के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना दिया है. अब सभी की निगाहें फाइनल और कांस्य पदक मुकाबले पर टिकी हैं. जहां एक बार फिर झारखंड के खिलाड़ी भारतीय हॉकी की उम्मीदों का भार संभालते नजर आएंगे.