UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश को मिले 6 नए मंत्री; योगी मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, 2 मंत्रियों का प्रमोशन

उत्तर प्रदेश को मिले 6 नए मंत्री; योगी मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, 2 मंत्रियों का प्रमोशन, भूपेंद्र चौधरी-मनोज पांडेय बने कैबिनेट मंत्री

Uttar Pradesh Yogi Cabinet Expansion 6 New Ministers Oath In Lucknow

Uttar Pradesh Yogi Cabinet Expansion 6 New Ministers Oath In Lucknow

UP Cabinet Expansion News: उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है और इसी के साथ यूपी को 6 नए मंत्री मिले हैं। वहीं 2 मंत्रियों का प्रमोशन भी हुआ है। यानि कुल 8 चेहरों ने आज मंत्री पद की शपथ ली है। रविवार को लखनऊ स्थित राज भवन में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल द्वारा सभी को मंत्री पद की शपथ (Minister Oath) दिलाई गई।

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में 2 कैबिनेट मंत्री, 2 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और इसके अलावा 4 नेताओं ने राज्य मंत्री की शपथ ली है। शपथ लेने वालों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अजीत पाल, सोमेन्द्र तोमर, कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा शामिल हैं। इनमें से पहले से मंत्री अजीत पाल, सोमेन्द्र तोमर का राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में प्रमोशन हुआ है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रिमण्डल के इस विस्तार में जातीय और क्षेत्रीय समीकरण भी साधे गए हैं।

भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे को बनाया कैबिनेट मंत्री

योगी मंत्रिमंडल विस्तार में भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली है। भूपेंद्र चौधरी पंकज चौधरी से पहले यूपी के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वह वेस्ट यूपी की राजनीति में बड़ा चेहरा माने जाते हैं। जबकि मनोज पांडे सपा के बागी हैं। वहीं अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप की शपथ ली है। अभी तक यह दोनों योगी मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री थे। इन दोनों मंत्रियों का योगी मंत्रीमंडल में प्रमोशन हुआ है। इसके अलावा कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली है।

CM योगी आदित्यनाथ रहे मौजूद

बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का ये दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार था। इस शपथ ग्रहण समारोह में CM योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के कई बड़े नेता भी शामिल हुए। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से लखनऊ स्थित 'जन भवन' में शिष्टाचार भेंट की थी। इस मुलाकात के बाद राज्य में मंत्रिपरिषद विस्तार की खबर पक्की हो गई थी। क्योंकि योगी मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें काफी लंबी समय से थीं।

Uttar Pradesh Yogi Cabinet Expansion 6 New Ministers Oath In Lucknow

कुल मंत्रियों की संख्या 60 पहुंची

इन 6 नए मंत्रियों के मंत्रिमंडल में शामिल होने से अब CM योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यूपी सरकार में कुल 60 मंत्री हो चुके हैं। ज्ञात रहे कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में मंत्रिमंडल में अधिकतम 60 लोगों को जगह दी जा सकती है। 6 नए मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही यह संख्या पूरी हो चुकी है. अभी सीएम योगी समेत 54 मंत्री मंत्रिमंडल में मौजूद थे। यूपी में यह मंत्रिमण्डल विस्तार अगले वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रिपरिषद विस्तार को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यूपी BJP अध्यक्ष का कैबिनेट विस्तार पर बयान

कैबिनेट विस्तार को लेकर केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। चौधरी ने कहा, ''सभी मंत्रियों को बधाई। आज 8 लोगों ने शपथ ली है, 2 की पद्दोन्नती हुई है, 6 लोगों को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। मुझे पूरा विश्वास है कि उन्हें जो दायित्व मिलेगा वे उसका निर्वहन करेंगे।"

वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर जवाब देते हुए पंकज चौधरी ने कहा, "विपक्ष का काम सवाल खड़े करना है, कुछ भी करो वे सवाल खड़ा करेंगे। प्रदेश की उन्नति के लिए सभी मंत्री मिलकर काम करेंगे।" इसी तरह उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "नए साथियों को बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। विकसित भारत का संकल्प जो प्रधानमंत्री मोदी ने लिया है, अब उस ओर नए मंत्रिमंडल के साथी एकसाथ काम करेंगे और उत्तर प्रदेश को हम विकसित उत्तर प्रदेश बनाएंगे।"