यूपी का एआई शिक्षा मॉडल वैश्विक मंच पर सराहा गया
UP's AI education model praised on global platform
लखनऊ। UP's AI education model - राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में उत्तर प्रदेश के शिक्षा मॉडल को बड़ी वैश्विक सराहना मिली है। समिट के दौरान जारी की गई ‘इंडियाज एआई इम्पैक्ट स्टार्टअप्स रिपोर्ट’ में देश के उन 110 चुनिंदा स्टार्टअप और संगठनों को शामिल किया गया है, जो एआई के जरिए बड़े पैमाने पर सामाजिक बदलाव ला रहे हैं। इंडिया एआई और कल्पा इम्पैक्ट द्वारा प्रकाशित इस रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश सरकार के एआई-संचालित प्लेटफॉर्म के जरिए छात्रों के व्यक्तिगत विकास और लर्निंग असेसमेंट की पहल को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।
शिक्षा में डिजिटल क्रांति का 'यूपी मॉडल'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल हस्तक्षेप को एक नई ऊंचाई दी है। रिपोर्ट में विशेष रूप से 'कॉन्वेजीनिअस' (ConveGenius) एडूटेक स्टार्टअप के सहयोग से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लागू एआई संचालित लर्निंग सिस्टम की सराहना की गई है। इस तकनीक के माध्यम से न केवल छात्रों के सीखने के स्तर का सटीक आकलन किया जा रहा है, बल्कि उन्हें उनकी व्यक्तिगत जरूरत के अनुसार अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में, जहाँ छात्रों की संख्या करोड़ों में है, इस तकनीक को व्यापक स्तर पर लागू करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे योगी सरकार ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।
ग्रामीण अंचलों तक पहुँचा एआई का लाभ
रिपोर्ट में प्रदेश की डिजिटल शिक्षा नीति की सराहना करते हुए बताया गया है कि यूपी सरकार का ध्यान केवल शहरों तक सीमित नहीं है। ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में एआई टूल्स का उपयोग कर 'लर्निंग गैप' की पहचान की जा रही है, जिससे समय पर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। यह पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल सरकार और स्टार्टअप्स के बीच सहयोग का एक प्रभावी उदाहरण बनकर उभरा है, जिससे शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित हो रहे हैं।
भविष्य की ओर बढ़ते कदम
उत्तर प्रदेश की इस बढ़ती तकनीकी क्षमता की झलक राज्य के बजट 2026-27 में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, जहाँ एआई जैसे उभरते उपकरणों को ग्रामीण अंचलों तक पहुँचाने के लिए ठोस बजटीय प्रावधान किए गए हैं। डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप, यूपी अब एआई-आधारित शिक्षा पहल को भविष्य की मुख्य नीति के रूप में देख रहा है। रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश का यह विशेष उल्लेख संकेत देता है कि प्रदेश तकनीकी नवाचारों को जमीनी स्तर पर लागू करने में देश का नेतृत्व कर रहा है।