"यूपीपीएससी आरओ/एआरओ चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन 15 अप्रैल को"
UPPSC RO/ARO Selected Candidates
प्रयागराज। UPPSC RO/ARO Selected Candidates, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) परीक्षा-2023 के तहत चयनित अभ्यर्थियों के लिए अभिलेख सत्यापन की तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की है।
अभिलेख सत्यापन आयोग के प्रयागराज मुख्यालय स्थित संस्कृत भवन में होगा। इसकी सूचना वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।आरओ/एआरओ परीक्षा-2023 का परिणाम पांच अप्रैल को घोषित किया गया था।
इसमें सभी 419 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया। उप सचिव वीरेंद्र मणि त्रिपाठी के अनुसार विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को उनके पद और चयन क्रमांक के अनुसार अलग-अलग समय पर बुलाया गया है।
210 अभ्यर्थियों को सुबह के समय बुलाया गया
सबसे अधिक 210 अभ्यर्थियों को समीक्षा अधिकारी उत्तर प्रदेश सचिवालय पद के लिए सुबह 9:30 बजे से बुलाया गया है, जबकि इसी पद के अन्य 112 अभ्यर्थियों को दोपहर डेढ़ बजे से उपस्थित होना होगा।
इसके अतिरिक्त सहायक समीक्षा अधिकारी, सचिवालय के एक से 40 चयन क्रमांक के अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे से बुलाया गया है। इसी क्रम में राजस्व परिषद, लोक सेवा आयोग तथा लेखा शाखा से संबंधित विभिन्न पदों के लिए भी चयनित अभ्यर्थियों का सत्यापन निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपने ओटीआर नंबर और पासवर्ड के माध्यम से लॉ
गिन कर अभिलेख सत्यापन के लिए पूर्ण आवेदन पत्र डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं।
इसके साथ दो सेट स्वप्रमाणित शैक्षिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आरक्षण से जुड़े दस्तावेज, दो राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित फोटो तथा तीन स्वप्रमाणित फोटो साथ लाना अनिवार्य किया गया है।