बीच सड़क वकील के मर्डर का LIVE वीडियो; मिर्जापुर में दिनदहाड़े भयावह वारदात से हड़कंप, बदमाश जब भागे, बाइक ही स्टार्ट नहीं हुई
UP Mirzapur Lawyer Murder On Road Live Video Viral Horrific Incident
Mirzapur Lawyer Murder Video: गुंडागर्दी का गजब आलम है। बदमाशों में कोई खौफ, कोई डर ही नहीं। यूपी के मिर्जापुर में एक वकील के मर्डर की भयावह वारदात सामने आई है। यहां बीच सड़क बाइक सवार बदमाशों ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने सुबह-सुबह इस वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े गोली मारने की यह वारदात वहां पास लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है, वकील के मर्डर का LIVE वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बिलकुल पास से देसी तमंचे से मारी गोली
बताया जाता है कि अधिवक्ता राजीव सिंह सुबह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो बदमाश पहुंचे। जिसमें से सफेद पोशाक पहने एक बदमाश बाइक से उतरकर राजीव सिंह की तरफ तेजी से आया और उनपर देसी तमंचे से फायरिंग कर दी। राजीव सिंह को बिल्कुल पास से गोली मारी गई। जिससे राजीव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से आसपास हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर आते देखे गए।
बदमाश जब भागे, बाइक ही स्टार्ट नहीं हुई
वारदात का जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि गोली मारने वाला बदमाश दौड़कर बाइक पर जाकर बैठ जाता है, लेकिन बाइक स्टार्ट ही नहीं होती। फिर किक पर किक मारी जाती है। लेकिन कुछ देर तक बदमाशों की बाइक स्टार्ट ही नहीं हुई। इसके बाद गोली मारने वाला बदमाश बाइक से उतरा और खुद आगे बैठ बाइक को स्टार्ट करने लगा। वीडियो में ये भी दिख रहा है कि जब बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी तो इस दौरान कुछ लोग बदमाशों को पकड़ने आगे आए, इस दौरान पीछे बैठे एक अन्य बदमाश ने देसी तमंचा दिखा उन्हें डराया। इस बीच आखिर में जैसे तैसे बाइक स्टार्ट हो गई। इसके बाद स्टार्ट होते ही बदमाश भाग निकले।