यूपी सरकार का बड़ा एक्शन: लापरवाही पर 5 डॉक्टर बर्खास्त, कई अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई
- By Gaurav --
- Friday, 08 May, 2026
UP Govt Sacks 5 Doctors
उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री Brajesh Pathak के निर्देश पर पांच डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि कई अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि चिकित्सा सेवाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार लंबे समय तक बिना सूचना ड्यूटी से गायब रहने और चिकित्सा कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में गोरखपुर की डॉ. अलकनंदा, कुशीनगर के डॉ. रामजी भारद्वाज, बलरामपुर के डॉ. सौरभ सिंह, अमेठी के डॉ. विकलेश कुमार शर्मा और औरैया की डॉ. मोनिका वर्मा को सेवा से हटा दिया गया है।
इसके अलावा अंबेडकर नगर में निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण और नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं के मामले में सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल और डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा समेत 16 अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सरकारी नियमों के उल्लंघन और निजी हित में फाइलें मंजूर करने के आरोप सही पाए गए।
सरकार ने हरदोई, प्रयागराज, सुल्तानपुर, मथुरा, बदायूं, वाराणसी, लखीमपुर खीरी और संभल सहित कई जिलों में तैनात डॉक्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। वहीं कुछ मामलों में वेतनवृद्धि रोकने और प्रतिनियुक्ति समाप्त करने जैसे फैसले भी लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों के हितों से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।