अप्रैल में यूपी सरकार के खजाने में 20,621 करोड़ की रिकॉर्ड आमद
A 'Shower of Wealth' for the UP Government's Exchequer
लखनऊ। A 'Shower of Wealth' for the UP Government's Exchequer: प्रदेश में कारोबारी गतिविधियां तेज रहने से पिछले वर्ष की तुलना में इस अप्रैल में 2416.42 करोड़ रुपये अधिक राजस्व सरकार के खजाने में पहुंचा है। बाजारों में खरीद फरोख्त बढ़ने से जीएसटी से 839.86 करोड़ रुपये अधिक जबकि शराब की बिक्री बढ़ने से आबकारी राजस्व से 931.56 करोड़ रुपये अधिक राजस्व सरकार को मिला है।
वैट, स्टांप एवं पंजीयन, परिवहन तथा भूतत्व एवं खनिकर्म से भी पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक राजस्व हासिल हुआ है।
करों से कमाई का लक्ष्य 27,526.49 करोड़
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल माह में करों से कमाई का लक्ष्य 27,526.49 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष 20,621.24 करोड़ रुपये मिले हैं।
वहीं अप्रैल 2025 में सरकार को कर राजस्व से 18,204.82 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। राज्य में कारोबारी गतिविधियां लगातार बढ़ने का असर कर राजस्व पर दिखाई दे रहा है।
अप्रैल 2025 की तुलना में जीएसटी से 839.86 करोड़, वैट से 114.28 करोड़, आबकारी से 931.56 करोड़, स्टांप तथा निबंधन से 141.32 करोड़, परिवहन से 273.87 करोड़ तथा भूतत्व एवं खनिकर्म से 114.53 करोड़ रुपये अधिक मिले हैं।
यूपी में सभी राज्यों से सस्ता पेट्रोल
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल का दाम इस समय 94.69 रुपये प्रति लीटर है। उत्तराखंड, अरुणांचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादर नगर हवेली, अंडमान एवं निकोबार को छोड़ शेष सभी राज्यों से सस्ता पेट्रोल यूपी में बिक रहा है।