यूपी डिप्टी CM के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग; केशव प्रसाद मौर्य के साथ टला बड़ा हादसा, केबिन में धुआं भरा, हवा में अटकी सांसें
UP Deputy CM Keshav Prasad Maurya Helicopter Emergency Landing News
UP Deputy CM Helicopter: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आज उस समय हड़कंप मच गया। जब यहां डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य के उड़ते हुए हेलीकॉप्टर से अचानक धुआं निकलने लगा। जिसके बाद आनन-फानन में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जाता है कि हेलीकॉप्टर हवा में था और इस दौरान हेलीकॉप्टर में खराबी आने की वजह से केबिन धुएं से भरा नजर आया। इस स्थिति के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाई और हेलीकॉप्टर की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। कोई हादसा होता इससे पहले हेलीकॉप्टर की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली गई। मसलन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। हालांकि हेलीकॉप्टर में धुआं भरने के बाद कुछ पल के लिए उनकी सांसें जरूर अटक गईं। बताया जाता है कि उस वक्त हेलीकॉप्टर 2000 फीट ऊंचाई पर था।
कौशांबी के लिए उड़ान भर रहा था हेलीकॉप्टर
केशव प्रसाद मौर्य कार्यालय से जानकारी दी गई है, ''उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर, जो लखनऊ के ला मार्ट ग्राउंड से कौशांबी के लिए उड़ान भर रहा था, टेक्निकल खराबी की वजह से लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हेलीकॉप्टर में अचानक धुआं भर गया इसलिए इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।'' फिलहाल इन दिनों जिस तरह से एक के बाद एक विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग या क्रैश होने की घटनाएं बढ़ रहीं हैं। ये हवाई सफर के लिए चिंताजनक स्थिति है।