Meerut Nurse Murder Case: ऑपरेशन थिएटर में नर्स नेहा भाटिया की हत्या, जहर का इंजेक्शन देकर मारने का आरोप; दो गिरफ्तार

1000265536

Meerut Nurse Murder Case

मेरठ: Meerut Nurse Neha Bhatia Murder Case : नीले ड्रम में पति की लाश, सांप कटवा कर पति की हत्या... मेरठ से रिश्तों को शर्मसार करने वाली ये घटनाएं खूब चर्चा में रही है. अब मेरठ से एक और ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिसमें ऑपरेशन थिएटर में एक नर्स को जहर का इंजेक्शन लगाकर मार डाला गया. नर्स की हत्या के आरोप में उसी हॉस्पिटल के एक कर्मी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है. नर्स की पहचान नेहा भाटिया है. 25  साल की नेहा भाटिया शनिवार को ड्यूटी पर हॉस्पिटल गई थी, वहीं दोपहर में ऑपरेशन थिएटर में संदिग्ध हालत में उसकी लाश मिली थी. 

पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. मामला मेरठ के लोहिया नगर स्थित एक निजी अस्पताल से जुड़ा है. जहां शनिवार को नर्स नेहा भाटिया की लाश मिली थी. नेहा की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने जो कहानी सामने रखी है, उसने हर किसी को चौंका दिया. 

शादी के दवाब में प्रेमी ने दे दिया जहर का इंजेक्शन

पुलिस का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि प्रेम संबंध, शादी के दबाव और साजिश का खौफनाक अंजाम था. आरोप है कि अस्पताल के ही दो कर्मचारियों ने ड्रिप के जरिए जहरीला रसायन देकर नेहा की हत्या कर दी और फिर फर्जी सुसाइड नोट रखकर पूरे मामले को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की.

सुसाइड नोट से आत्महत्या का मामला लगा था

25 साल की नेहा लोहिया नगर के एमसीसी निजी अस्पताल में नर्स थी. घटना वाले दिन वह रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंची, लेकिन कुछ ही देर बाद ऑपरेशन थिएटर में अचेत अवस्था में मिली. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में घटनास्थल से सल्फास की गोलियां और एक कथित सुसाइड नोट मिला, जिससे मामला आत्महत्या का माना जा रहा था.

सुसाइड नोट की लिखावट से परिजनों का गहराया था शक

लेकिन नेहा के परिजनों ने शुरुआत से ही इस कहानी पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि सुसाइड नोट की लिखावट नेहा की नहीं है. इसी शक के आधार पर पुलिस ने जांच का रुख बदला और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल शुरू की.

नेहा और सुरेश के बीच कई महीनों से था प्रेम संबंध

जांच में पुलिस के सामने जो तस्वीर आई, उसके मुताबिक नेहा और अस्पताल कर्मचारी सुरेश के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध थे. पुलिस का आरोप है कि नेहा सुरेश पर शादी का दबाव बना रही थी. इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.

फर्जी सुसाइड नोट रखकर दिशा भटकाने की कोशिश 

पुलिस के अनुसार सुरेश और फरहान दोनों आरोपियों ने ऑपरेशन थिएटर में ड्रिप के जरिए जहरीला रासायनिक पदार्थ नेहा के शरीर में पहुंचाया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए फर्जी सुसाइड नोट लिखकर शव के पास रख दिया गया, ताकि जांच की दिशा भटक जाए.

नेहा के पति की ढ़ाई साल पहले हो चुकी थी मौत

बताया जाता है कि नेहा के पति की ढाई साल पहले मौत हो चुकी थी. जिसके बाद वो एमसीसी हॉस्पिटल में नर्स का काम करते हुए अपने परिवार का जीवनयापन कर रही थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का इंतजार है. पुलिस का कहना है कि आगे की जांच के आधार पर केस में और भी तथ्य सामने आ सकते हैं.