यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट जारी, सीएम योगी ने छात्रों को दी बधाई
UP Board 10th-12th results released
लखनऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। हाईस्कूल में सीतापुर और बाराबंकी का दबदबा रहा है। सीतापुर की कशिश वर्मा ने हाईस्कूल में टॉप किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा, ''उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह सफलता आपके अथक परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।''
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ''आप सभी विद्यार्थी भविष्य में भी इसी लगन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफलता के नित नए आयाम स्थापित करें, माँ सरस्वती से यही प्रार्थना है।''