"यूपी: आयुष्मान कार्ड धारक अब 12 और कैंटोनमेंट अस्पतालों में निशुल्क इलाज पाएंगे"
UP: Ayushman card holders can now get free treatment
लखनऊ। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड धारक लाभार्थियों को जल्द ही प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट क्षेत्रों में स्थित सेना के अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिलेगी। स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) इसके लिए 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों से एमओयू साइन करेगी।
प्रदेश के कैंटोनमेंट क्षेत्रों में कुल 13 अस्पताल हैं, इनमें से प्रयागराज में पहले से ही आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों का इलाज हो रहा है। प्रयागराज की सफलता को देखते हुए ही प्रदेश सरकार अन्य 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों को इस योजना से जोड़ने जा रही है।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया है कि जनवरी से प्रयागराज के कैंटोनमेंट अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। मरीजों को कार्डियोलाजी, नेफ्रोलाजी, मेडिकल एंड सर्जिकल आन्कोलाजी जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज भी किया जा रहा है।
साथ ही मुफ्त ओपीडी अप्वाइंटमेंट, मुफ्त जांच एवं गंभीर मरीजों को निशुल्क परिवहन सुविधा भी दी जा रही है। प्रयागराज की सफलता को देखते हुए प्रदेश के अन्य 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ जल्द एमओयू साइन किया जाएगा। साचीज द्वारा एमओयू के लिए लगभग सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।
लखनऊ से मथुरा तक मिलेगी सुविधा
एमओयू होने के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों का उपचार होने लगेगा।
साचीज की एसीईओ डा. पूजा यादव के मुताबिक कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ समन्वय से आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को इलाज की बेहतर विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी। गंभीर और जटिल बीमारियों वाले मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। एमओयू के बाद इन अस्पतालों को योजना के पोर्टल से जोड़ा जाएगा।