यूपी ATS ने शामली/कैराना में पकड़े 5 पाकिस्तानी जासूस, सुरक्षा अलर्ट जारी
UP ATS Apprehends 5 Pakistani
शामली/कैराना: UP ATS Apprehends 5 Pakistani, यूपी ATS की देवबंद यूनिट ने मंगलवार को शामली के कैराना इलाके में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 5 संदिग्ध पाकिस्तानी जासूसों को हिरासत में लिया। आरोप है कि ये लोग देश की संवेदनशील सूचनाओं को पाकिस्तान भेज रहे थे। ATS की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, कैराना के अलग-अलग स्थानों पर दबिश के दौरान इंतजार उर्फ टार्जन, साजिद समेत कुल पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है।
देवबंद में ATS की टीम
जानकारी के अनुसार ATS की एक टीम देवबंद में भी डेरा डाले हुए है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि संदिग्ध पाकिस्तान में बैठे आकाओं से संपर्क में थे और संवेदनशील सूचनाओं के आदान-प्रदान का प्रयास कर रहे थे।
पिछले मामलों से जुड़ाव
इससे पहले गाजियाबाद टेरर मॉड्यूल के सामने आने के बाद यूपी ATS नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। लखनऊ से साकिब समेत चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो पाकिस्तान हैंडलर्स के संपर्क में थे और लखनऊ समेत कई शहरों में विस्फोट की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तारी की जानकारी
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, ATS ने कैराना कोतवाली क्षेत्र से 4 पुरुष और सदर कोतवाली क्षेत्र से 1 महिला को गिरफ्तार किया। पांचों आरोपितों को लेकर ATS टीम देवबंद के लिए रवाना हो गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी ATS के साथ मिलकर मामले की जांच में लगी हुई हैं। जांच में यह सामने आया कि कैराना इलाके के कई युवक पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे थे और संवेदनशील जानकारी साझा कर रहे थे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
ATS की इस कार्रवाई के बाद कैराना और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।