मेरठ में बोर्ड कॉपियों में दिखी परीक्षार्थियों की अनोखी कहानी
Unique Stories of Examinees Revealed
मेरठ। Unique Stories of Examinees Revealed, बोर्ड की परीक्षा में परीक्षार्थी पास करने के लिए परीक्षकों से गुहार लगा रहे हैं। उनकी कुछ गुहार परीक्षकों के बीच चर्चा का विषय भी बनी हुई हैं। एक परीक्षार्थी ने अपनी कापी में सनी देओल की बाॅर्डर-2 फिल्म का उल्लेख किया है।
उसने लिखा है कि 'बाॅर्डर-2 फिल्म में सनी पाजी ने कमाल किया है। आप भी कमाल करते हुए मुझे 'बाॅर्डर पर ही पास कर दीजिएगा।' यही नहीं परीक्षार्थी ने प्रश्न का उत्तर लिखने की बजाय फिल्म की कहानी भी लिखी है।
उत्तरपुस्तिका में एक अन्य परीक्षार्थी ने पास करने की मार्मिक गुहार करते हुए लिखा है कि 'मेरी मम्मी मुझसे घर का ज्यादा काम कराती है। इस कारण मेरी पढ़ाई नहीं हुई है। प्लीज मुझे माफ करते हुए पास कर दीजिएगा।' दूसरी परीक्षार्थी ने लिखा है कि 'प्लीज मुझे पास कर देना, नहीं तो मेरी मम्मी मेरी शादी करा देंगी।'
एक परीक्षार्थी ने परीक्षक को धमकी भरे अंदाज में पास करने के लिए लिखते हुए गाली तक लिखी है। वहीं, एक परीक्षार्थी ने प्रश्नों का उत्तर देने की बजाए उत्तरपुस्तिका के दो तीन पेज पर जय बाबा-की लिख हुआ है। उसने भी परीक्षक से पास करने की गुहार लगाई है।
एक प्रमुख विषय की उत्तरपुस्तिका में परीक्षार्थी ने पूरी कापी में सीता राम लिखा हुआ है। साथ ही स्वयं को पास करने की मार्मिक अपील भी है। परीक्षार्थियों द्वारा की जा रही यह गुहार जिले के पांचों केंद्रों पर चल रहे मूल्यांकन के दौरान दिनभर चर्चा का विषय बनी रहीं। वहीं, इस बार उत्तरपुस्तिकाओं में रुपए नहीं निकल रहे हैं।
अनुपस्थित परीक्षकों पर कार्रवाई की तैयारी
यूपी बोर्ड के मूल्यांकन से अनुपस्थित अंकेक्षकों, उप प्रधान परीक्षक एवं परीक्षकों पर भी अब कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। गत 18 मार्च से मूल्यांकन चल रहा है, लेकिन यह अभी तक केंद्र पर नहीं पहुंचे हैं। इनमें पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज केंद्र के 130, एसएसडी ब्वायज इंटर कालेज लालकुर्ती के 135 व एनएएस इंटर कालेज के 38 उप प्रधान परीक्षक एवं परीक्षक अनुपस्थित हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कड़ा रूख अपनाया है। उन्होंने संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किया है। उनका जवाब-तलब किया है। परीक्षकों के उपस्थित न होने पर प्रधानाचार्य व परीक्षक का वेतन रोकने समेत अन्य कार्रवाई भी संभावित है।
वहीं, बुधवार को पांच केंद्रों पर 2461 में से 1820 परीक्षक उपस्थित रहे। जबकि 641 गैरहाजिर रहे। वहीं, 10 वीं की 42,659 व इंटर की 21,836 कापी जांची गई।