मनाली में राष्ट्रपति दौरे को लेकर कड़े सुरक्षा इंतज़ाम, अटल टनल क्षेत्र में ट्रैफिक प्लान जारी
Una: Daughter-in-law seeks justice from DC
मनाली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति 29 अप्रैल को अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी। द्रौपदी मुर्मु अटल टनल की बारीकियां जानेंगी। इस दिन पर्यटकों के लिए खास एडवायजरी जारी की गई है। पर्यटक यात्रा करने से पहले पुलिस प्रशासन की गाइडलाइन जान लें।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद मंडी रेंज के डीआईजी राहुल नाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 350 पुलिस जवान राष्ट्रपति की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। उन्होंने आम नागरिकों एवं लाहुल आने की योजना बना रहे पर्यटकों को सतर्क किया।
पलचान से आगे जाने की नहीं होगी अनुमति
पर्यटक 29 अप्रैल को लाहुल का दौरा सोच समझकर करें। उन्होंने कहा कि सुबह छह बजे के बाद किसी भी वाहन को पलचान से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इस दिन पर्यटक गुलाबा की ओर जा सकते हैं। दूसरा नाका सोलंगनाला में लगेगा। ग्रामीण पलचान से सोलंग जा सकेंगे लेकिन सोलंग नाला से आगे किसी को भी जाने की अनुमति नहीं होगी।
लाहुल से मनाली की ओर भी एंट्री बंद
दूसरी ओर लाहुल से मनाली आने वाले वाहन भी सुबह साढ़े सात बजे के बाद लाहुल से मनाली नहीं आ सकेंगे। दोपहर एक बजे के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से सुचारू होगी। साढ़े सात बजे से एक बजे तक में आम वाहनों सहित पैदल आवाजाही की अनुमति भी नहीं होगी। केवल सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध पास धारक वाहन/अधिकारी ही अनुमति प्राप्त होंगे।
पुलिस ने बनाया ट्रैफिक प्लान
उन्होंने कहा कि सभी जगह पुलिस जवान तैनात कर दिए है। महामहिम राष्ट्रपति सहित आम जनता को ध्यान में रखते हुए रोटरी ट्रैफिक प्लान बनाया गया है। पर्यटकों से आग्रह है कि माननीय राष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित एवं सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान करें।