"प्रयागराज में होली पर उज्जवला योजना की सब्सिडी शुरू"
"Ujjwala Yojana subsidy starts
प्रयागराज। होली पर सरकार की ओर से प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलिंडर रिफिल कराने में सब्सिडी दी जा रही है। जिले में 591196 लाभार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। इन्हें करीब 33.08 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इसकी शुरूआत भी हो गई है।
सब्सिडी योजना के तहत प्रयागराज में समारोह
सब्सिडी योजना के तहत ही शनिवार को विकास भवन परिसर में एक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शहर पश्चिमी के विधायक सिद्धार्थ नाथ, बारा विधायक वाचस्पति, करछना विधायक पीयुष रंजन निषाद और फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद भी शामिल हुए।
17 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक दिया गया
इस दौरान लखनऊ में हुए मुख्य आयोजन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद अतिथियों ने रूबी, पूजा, साक्षी यादव, उर्मिला पटेल, सविता देवी, रेनू देवी, जमीला बानो, शिवकुमारी, शकुंतला देवी समेत 17 लाभार्थियों को गैस सिलिंडर रिफिल की सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। विधायकों ने सरकार की ओर से चलाई जा रही इस योजना की सराहना की।
559.58 रुपये की सब्सिडी
जिला पूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से उज्जवला योजना के लाभार्थियों को होली पर गैस सिलिंडर रिफिल कराने के लिए 559.58 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। यह धनराशि लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचती है।
प्रयागराज में 591196 लाभार्थी
उन्होंने बताया कि जिले में 591196 लाभार्थी हैं, जिन्हें 33.08 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। यह सब्सिडी उन्हीं लाभार्थियों को मिलेगी, जिनके बैंक खाते आधार लिंक के साथ केवाइसी के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण होंगे। अपर जिलाधिकारी विजय शर्मा, डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी भी मौजूद रहे।