लखनऊ एयरपोर्ट पर 'उड़ान यात्री कैफे' का आगाज़: ₹10 में मिलेगा नाश्ता, केंद्रीय मंत्री ने किया ई-उद्घाटन
Udaan Yatri Cafe' Launched at Lucknow Airport
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, राम मोहन नायडू किंजरापु ने किया ई-उद्घाटन
चेक-इन क्षेत्र में कम कीमतों पर उच्च गुणवत्ता वाले अल्प आहार का आनंद
लखनऊ। Udaan Yatri Cafe' Launched at Lucknow Airport, चौधरी चरण सिंह अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पर रविवार से उड़ान यात्री कैफे का संचालन प्रारंभ हो गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने इसका ई-उद्घाटन किया।
एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के चेक-इन हाल में इस कैफे में यात्रियों को मात्र दस रुपये से शुरू होने वाले अल्प आहार व पेय पदार्थ प्राप्त होंगे। सरकार की यह पहल विमानन क्षेत्र में किफायत बढ़ाने के उद्देश्य के अनुरूप है और ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) कार्यक्रम को पूरक करती है।
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि आज उड़ान यात्री कैफे के उद्घाटन के साथ हम यात्रियों के रोज़मर्रा के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठा रहे हैं।
उड़ान यात्री कैफे किफायती दामों पर पानी, पेय पदार्थ, नाश्ता और मिठाइयों जैसी जरूरी खाद्यपेय वस्तुएं उपलब्ध कराकर यात्रियों की बुनियादी ज़रूरत को पूरा करती है। हमें भरोसा है कि उड़ान यात्री कैफे हर यात्री को सुविधा और किफायत देगा।
लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के प्रवक्ता ने बताया कि चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह पहल यात्रियों के लिए हवाईअड्डे पर उपलब्ध सेवाओं को और अधिक सुलभ व किफायती बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
उड़ान यात्री कैफे से यात्री अब उन कीमतों पर उच्च गुणवत्ता वाले अल्प आहार का आनंद ले सकते हैं जो उड़ान को और अधिक किफायती बनाने के सरकार के मिशन के अनुरूप हैं।