भ्रष्टाचार के आरोपों में यूपी के दो अधिकारी निलंबित, तबादला घोटाले की जांच तेज
- By Gaurav --
- Sunday, 31 May, 2026
Two UP Vocational Education
उत्तर प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ अपनी सख्त नीति के तहत व्यावसायिक शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के सहायक निदेशक धीरेन्द्र कुमार झा और प्रधान सहायक इमरान अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने दोनों अधिकारियों के निलंबन के आदेश जारी किए। इसके बाद प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह ने आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कराया। विभागीय शिकायतों और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सहायक निदेशक धीरेन्द्र कुमार झा पर स्थानांतरण प्रक्रिया में अनियमितताओं, कथित कमीशनखोरी और पद के दुरुपयोग के आरोप हैं। आरोप है कि तबादलों को प्रभावित करने के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों से धन की मांग की जाती थी तथा स्थानांतरण के बदले कथित तौर पर प्रतिशत के आधार पर रकम वसूली जाती थी।
वहीं प्रधान सहायक इमरान अहमद पर भ्रष्टाचार के अलावा कर्मचारियों के उत्पीड़न और धार्मिक आधार पर भेदभाव के आरोप लगाए गए हैं। विभागीय जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ मामलों में संगठित तरीके से विभागीय प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
शिकायतों के अनुसार, विभाग में विभिन्न नामों से शिकायतें दर्ज कराई जाती थीं और बाद में उन्हीं शिकायतों के निस्तारण, जांच को प्रभावित करने या कार्रवाई रुकवाने के नाम पर कर्मचारियों से कथित तौर पर धन की मांग की जाती थी। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रक्रिया के जरिए भय और दबाव का माहौल बनाकर अवैध वसूली की जाती थी।
सरकारी आदेश के तहत निलंबन अवधि में धीरेन्द्र कुमार झा को देवीपाटन मंडल से संबद्ध किया गया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
दोनों अधिकारियों के निलंबन के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कर्मचारियों के बीच इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा है। माना जा रहा है कि सरकार भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के मामलों में अब और अधिक सख्ती बरतने के संकेत दे रही है।