नोएडा में ISI से जुडे़ 2 आतंकी गिरफ्तार, VIP लोगों के घरों पर ग्रेनेड हमले की रच रहे थे साजिश
Two ISI-linked terrorists arrested in Noida
लखनऊ। Two ISI-linked terrorists arrested in Noida: आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने नोएडा से दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान बागपत के रमाला गांव निवासी 20 वर्षीय तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान व दिल्ली की पुरानी सीमापुरी स्थित सन लाइट कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय समीर खान के रूप में हुई है।
आरोपितों के पास से 32 बोर की एक पिस्टल, पांच कारतूस, एक चाकू व दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि दोनों आरोपित पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट व कट्टरपंथी पाकिस्तानी यू-ट्यूबर्स के लिए काम कर रहे थे।
आईएसआई के निर्देश पर पाकिस्तानी गैंगेस्टरों द्वारा आरोपितों को संवेदनशील स्थलों की रेकी करने प्रभावशाली लोगों के घरों पर हैंड ग्रेनेड फेंकने का लक्ष्य दिया गया था।
आरोपितों ने आईएसआई के लिए स्लीपर सेल का भी गठन किया था। पाकिस्तानी गैंगेस्टरों ने इन्हें आतंकी वारदात को अंजाम देने से पहले 50 हजार रुपये और काम होने के बाद 2.5 लाख रुपये दिए जाने का वादा किया था। आरोपितों ने एटीएस को बताया कि पाकिस्तानी गैंगेस्टरों के बहकावे मे आकर इस्लाम धर्म के प्रति उनका झुकाव बढ़ गया था।
तुषार ने पाकिस्तानी गैंगेस्टर शहजाद भट्टी के नाम से इंस्टाग्राम पर आईडी भी बनाई थी, जिसे संबंधित कंपनी ने बंद कर दिया था। उसने दोबारा आईडी बनाकर शहजाद भट्टी से संपर्क किया। शहजाद भट्टी के साथ उसकी वॉइस, वीडियो व पीटीटी (पुश टू टॉक) के जरिए बात होती थी।
शहजाद भट्टी ने उसे कुछ प्रभावशाली लोगों के घर पर हैंड ग्रेनेड फेंकने तथा जान से मारने का लक्ष्य दिया था। इसके लिए उसे अत्याधुनिक हथियार भी उपलब्ध कराए थे। साथ ही लालच दिया था कि काम करने के बाद वह उसे दुबई के रास्ते पाकिस्तान बुला लेगा।
पाकिस्तानी यूट्यूबरों ने दीवार पर टीटीएच लिखने का दिया लक्ष्य
तुषार ने बताया कि पाकिस्तानी कट्टरपंथी यूट्यूबरों ने भी इंटाग्राम के जरिए आतंकी वारदात करने पर उन्हें बड़ी रकम देने का लालच दिया था। तुषार काफी समय से 102 प्रथम तल, वैष्णो धाम कॉलोनी, कंकरखेड़ा मेरठ में रह रहा था और समीर खान के साथ मिलकर बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
वहीं शहजाद भट्टी ने उसे दीवारों पर टीटीएच (तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान) लिखने और अपने साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ना का लक्ष्य दिया था।
दोनों आरोपितों ने पाकिस्तानी गैंगेस्टर के कहने पर कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए कुछ प्रभावशाली लोगों को जान से मारने की धमकियां भी दी थीं। इस कॉल पर पाकिस्तानी हैंडलर्स भी जुड़े रहते थे। एटीएस शुक्रवार को दोनों आतंकियों को रिमांड पर लेकर और पूछताछ करने के लिए अदालत से अनुरोध करेगा।
आईएसआई एजेंटों से भी करते थे बात
एटीएस के सूत्रों के अनुसार दोनों आरोपित आईएसआई एजेंट मेजर हमीद, मेजर इकबाल व मेजर अनवर के साथ भी संपर्क में थे। इन्हें आईएसआई के एजेंटों द्वारा आतंकी वारदातों को अंजाम देने के लिए रकम और पिस्टल भी उपलब्ध कराई गई थी। साथ ही वारदात को अंजाम देने के लिए मोटी राशि देने का लालच भी दिया गया था।