नूंह में 12वीं परीक्षा के दौरान दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े, तीन गिरफ्तार
Two fake candidates caught during Class 12 exam in Nuh, three arrested
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा के दौरान नूंह जिले में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। बुधवार को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सालाहेड़ी स्थित परीक्षा केंद्र नंबर 32 पर दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए, जो असली छात्रों की जगह अंग्रेजी विषय का पेपर दे रहे थे। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है।
केंद्र अधीक्षक अमित कुमार की शिकायत के अनुसार 25 फरवरी को अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण और स्कैनिंग की गई। इस दौरान दो परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड और रोल नंबर में गड़बड़ी पाई गई। जांच में खुलासा हुआ कि एक नाबालिग छात्र असली छात्र सहबाज निवासी लखनाका की जगह परीक्षा दे रहा था। वहीं, सहबाज निवासी अडबर असली छात्र समीर निवासी अडबर की जगह बैठा पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र अधीक्षक ने दोनों को तुरंत हिरासत में लेकर नूंह सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और फर्जी परीक्षार्थी सहबाज को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने दबिश देकर असली छात्र समीर पुत्र हाकमदीन निवासी अडबर तथा फर्जी एडमिट कार्ड और रोल नंबर स्लिप तैयार करने वाले सीएचसी संचालक जुनैद पुत्र सलमुद्दीन निवासी टांई को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार नूंह पुलिस और जिला प्रशासन की सतर्कता के कारण यह फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। जिले के कई परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित कर पहले से कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस अधीक्षक नूंह ने कहा कि ऐसी सख्त कार्रवाइयों से परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने में मदद मिलेगी। मामले की जांच जारी है और आगे भी दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।