Two Cousins Killed in Road Accident

कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत

undefined

Two Cousins Killed in Road Accident

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में बपदी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। एक प्राइवेट स्कूल बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और बस के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान जिया लाल (52) और लाल सिंह (56) निवासी शेरगढ़, जिला करनाल के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई दिहाड़ी-मजदूरी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों लाडवा आए हुए थे और शाम करीब 4 बजे बाइक पर राशन लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बपदी रोड पर सुगनी देवी आर्य कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगते ही दोनों भाई बाइक सहित सड़क पर गिर गए और बस के पिछले पहिए उनके ऊपर से गुजर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही लाडवा के डीएसपी निर्मल सिंह और थाना प्रभारी गुरनाम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद आरोपी बस चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

परिजनों के मुताबिक जिया लाल अपने पीछे पत्नी बबली और बेटे राहुल को छोड़ गए हैं। राहुल ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया हुआ है और इन दिनों उसके रिश्ते की बातचीत चल रही थी। करीब दो साल पहले जिया लाल ने अपनी बेटी सपना की शादी की थी। वहीं लाल सिंह अपने पीछे पत्नी हुक्मी और बेटे सुखबीर को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन व ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।