नाहन-शिमला हाईवे पर दो कारों की जोरदार टक्कर, नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
- By Gaurav --
- Friday, 10 Apr, 2026
Two cars collide on Nahan-Shimla
हिमाचल प्रदेश के नाहन-शिमला नेशनल हाईवे 907A पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेर गांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार (HP 06 A 6400) रामपुर बुशहर से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्विफ्ट कार (HP 18 C 0421) से टकरा गया, जो नाहन से सराहां की ओर जा रही थी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सौभाग्य से दोनों गाड़ियों में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलते ही नाहन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को नींद आना बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।