ट्रंप ने किया सीजफायर को 3 हफ्ते बढ़ाने का ऐलान; इजरायल और लेबनान के बीच अब दूसरी बार युद्धविराम, हिजबुल्लाह से निपटेगा अमेरिका
Trump Announces Three-Week Extension of Ceasefire Between Israel and Lebanon
Israel and Lebanon Ceasefire: युद्ध की आग में जलते मिडिल ईस्ट से एक राहत की खबर सामने आई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के बीच 3 हफ्ते का सीजफायर बढ़ाने का ऐलान किया है। ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसके बारे में जानकारी दी। ट्रंप ने बताया कि व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में इजरायली और लेबनानी राजदूतों और दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जो कि बहुत अच्छी रही। इस बैठक में इजरायल और लेबनान के बीच चल रहे पहले सीजफायर को तीन हफ्ते बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई।
अमेरिका हिज़्बुल्लाह से निपटने में लेबनान की मदद करेगा
यहां अपने पोस्ट में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हिजबुल्लाह आतंकवादी समूह का भी जिक्र किया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें हिजबुल्ला के बारे में भी सोचना होगा। अमेरिका लेबनान को हिज़्बुल्लाह से रक्षा करने में मदद करने के लिए उसके साथ मिलकर काम करेगा, ताकि वह हिजबुल्लाह से खुद को बचाने में सक्षम हो सके। इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि वह "निकट भविष्य" में इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन की वाशिंगटन में बैठक की मेज़बानी करने के लिए उत्सुक हैं, हालाँकि ट्रंप ने इस बैठक के संबंध में तारीख़ की घोषणा नहीं की है।
बता दें कि व्हाइट हाउस में इजरायल और लेबनान के राजदूत स्तर की दूसरी बातचीत थी। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में इजरायली और लेबनानी राजदूतों के बीच हुई यह बैठक (पिछले एक हफ्ते में दूसरी बैठक) “बहुत अच्छी” रही। वहीं ट्रंप ने कहा कि दशकों बाद इजरायल और लेबनान के बीच हुई पहली बार प्रत्यक्ष कूटनीतिक और सीधी राजनयिक बातचीत हो रही है। क्योंकि दोनों पड़ोसी देश 1948 में इजरायल के गठन के बाद से औपचारिक रूप से युद्ध की स्थिति में रहे हैं। आपको बता दें कि ट्रंप के साथ इस बैठक में इजरायल और लेबनान के राजदूतों के साथ-साथ अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे।
खत्म हो रहा था 10 दिनों का युद्धविराम
दोनों पक्षों (इजरायल और लेबनान) में शुरुआती सीजफायर पिछले शुक्रवार को लागू हुआ था। वहीं युद्धविराम लागू होने के बाद से दोनों पक्षों द्वारा कई बार इसका उल्लंघन भी किया गया। दोनों पक्षों के बीच हुआ शुरुआती 10 दिवसीय युद्धविराम सोमवार को खत्म होने वाला था। इससे पहले अब इस सीजफायर को 3 हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि इजरायल को आत्मरक्षा का अधिकार है और ''अगर उन पर गोली चलाई जाती है तो वे भी ऐसा ही करेंगे।'
ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''मैंने, अमेरिका के उपराष्ट्रपति, जेडी वेंस, विदेश मंत्री, मार्को रूबियो, इज़राइल में राजदूत, माइक हकाबी, और लेबनान में राजदूत, मिशेल इस्सा ने आज ओवल ऑफिस में इज़राइल और लेबनान के उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यह बैठक बहुत अच्छी रही! अमेरिका, लेबनान को हिज़्बुल्लाह से अपनी रक्षा करने में मदद करने के लिए उसके साथ मिलकर काम करेगा।''
ट्रंप ने आगे लिखा, ''इज़राइल और लेबनान के बीच युद्धविराम को तीन हफ़्तों के लिए बढ़ा दिया जाएगा। मैं निकट भविष्य में इज़राइल के प्रधानमंत्री, बीबी नेतन्याहू, और लेबनान के राष्ट्रपति, जोसेफ आउन की मेज़बानी करने के लिए उत्सुक हूँ। इस अत्यंत ऐतिहासिक बैठक में शामिल होना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सम्मान था!''

ईरान युद्ध स्थायी तौर से रुकेगा!
फिलहाल अब यह माना जा रहा है कि इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम बढ़ना ईरान युद्ध के लिए भी राहत का संकेत हो सकता है। क्योंकि ईरान ने अमेरिका से बात करने के लिए ही लेबनान और इजरायल में युद्धविराम की शर्त रखी थी। वह लगातार यह बात कहता आया है की इजरायल को लेबनान में हमले रोकने होंगे। ऐसे में इजरायल और लेबनान के बीच एक बार फिर से युद्ध विराम बढ़ना, इस बात का संकेत है कि अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे चरण की वार्ता हो सकती है और ईरान युद्ध स्थायी तौर से रुक सकता है।