विकसित यूपी विजन 2047: उत्तर प्रदेश को बनेगा आर्थिक महाशक्ति
Transforming Uttar Pradesh into an Economic Superpower
लखनऊ। Viksit UP Vision 2047, देश की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष में यूपी को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को साधने के लिए विकसित यूपी का विजन डाक्यूमेंट-2047 तैयार कर लिया गया है। नियोजन विभाग ने डाक्यूमेंट की प्रस्तुति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा है।
प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों को शामिल करने के बाद विभागों को तय रोडमैप के मुताबिक विकास कार्यों को गति देने का निर्देश जारी किए जाएंगे।
विजन डाक्यूमेंट के मुताबिक वर्ष 2047 में यूपी की अर्थव्यवस्था को छह ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। ऐसा होने पर यूपी देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य हो जाएगा। तब देश की कुल अर्थव्यवस्था में राज्य की हिस्सेदारी बढ़कर 20 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया गया है।
यह लक्ष्य हासिल होने पर यूपी शीर्ष अर्थव्यवस्था वाले दर्जन भर देशों की कतार में खड़ा नजर आएगा। वर्ष 2047 तक लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रदेश को मौजूदा कीमतों पर प्रतिवर्ष 16 प्रतिशत विकास दर की आवश्यकता होगी। कृषि, उद्योग, सेवा सहित सभी क्षेत्रों में हो रहे विकास की गति को देखते हुए प्रदेश सरकार को भरोसा है कि राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार वर्ष 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर हो जाएगा।
इसके साथ ही वर्ष 2047 में प्रति व्यक्ति आय को 26 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। वर्ष 1947 में जब देश आजाद हुआ था, उस समय उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत के बराबर थी। बाद के वर्षों में विकास की धीमी गति के कारण अब यह राष्ट्रीय औसत की तुलना में करीब आधी रह गई है।
वर्ष 2017-18 में तो प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत की तुलना में 50.30 प्रतिशत रह गई थी जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 52.90 प्रतिशत हो गई है।
वर्ष 2024-25 के आंकड़ों से प्रति व्यक्ति आय का राष्ट्रीय औसत 2,05,324 रुपये जबकि यूपी का 1,08,572 रुपये है। वर्ष 2017-18 से 2024-25 के बीच राष्ट्रीय स्तर पर प्रति व्यक्ति आय की सालाना औसत वृद्धि दर 11.17 प्रतिशत जबकि प्रदेश में 12.48 प्रतिशत रही है।