चमोली के थराली में दर्दनाक सड़क हादसा: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, तीन घायल

चमोली के थराली में दर्दनाक सड़क हादसा: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, तीन घायल

Tragic Road Accident in Tharali

Tragic Road Accident in Tharali

थराली/चमोली। Tragic Road Accident in Tharali; चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार देहरादून से अपने एक परिजन के पार्थिव शरीर को गांव लाकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था।

पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 की सुबह लगभग 5:50 बजे देवाल चौकी प्रभारी ने थानाध्यक्ष थराली को सूचना दी कि ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में एक वाहन सड़क से करीब 400 से 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही उपजिलाधिकारी थराली को अवगत कराते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए DDRF टीम को भी बुलाया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि ग्राम बाँक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह के पार्थिव शरीर को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से गांव ला रहे थे। वहीं बलबीर सिंह स्वयं अपने परिजनों के साथ वाहन संख्या UK07D-2979 (ईको वैन) में सवार होकर देहरादून से ग्राम बाँक, लोहाजंग लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

पुलिस के मुताबिक चालक को संभवतः नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) तथा पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (8 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मृतकों के शवों को खाई से निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एक ओर परिवार अपने दिवंगत परिजन के अंतिम संस्कार की तैयारी में था, वहीं रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।