शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; पिता और बेटी की मौत

शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; पिता और बेटी की मौत

1000221143

Tragic road accident in Shimla, car falls into ditch

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला में ननखड़ी क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में पिता और पुत्री की मौत हो गई। मृतक का बेटा और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ननखड़ी-पुनन सड़क पर ननखड़ी चौक से आगे जंगल क्षेत्र में हुआ, जहां एक कार करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना का पता शनिवार आधी रात के बाद चला। कार में कुल चार लोग सवार थे, जो रात के समय अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुनन के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई।

पुलिस व लोगों ने अंधेरे में किया बचाव कार्य 

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना ननखड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कार के उड़े परखच्चे

हादसा बेहद खतरनाक था व कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस को घटनास्थल पर सफेद रंग की कार नंबर एचपी-92-1701 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली।

सभी लौहटी गांव के निवासी 

हादसे में 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ननखड़ी तहसील के शौली क्षेत्र के लौहटी गांव के रहने वाले थे। हादसे में कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा आरव गंभीर रूप से घायल हो गया। 

कार चालक 55 वर्षीय सतपाल भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। दोनों घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।

कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया है कि कार चालक सतपाल निवासी लौहटी, ननखड़ी वाहन चला रहा था। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। थाना ननखड़ी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

क्या कहते हैं एसएसपी शिमला

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।