ऋषिकेश-कर्णप्रयाग हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक खाई में गिरी, एक युवक की मौत

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक खाई में गिरी, एक युवक की मौत

Tragic Accident on Rishikesh-Karnaprayag Highway

Tragic Accident on Rishikesh-Karnaprayag Highway

कर्णप्रयाग (चमोली)। Tragic Accident on Rishikesh-Karnaprayag Highway, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को गलनाऊं के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर एक मोटरसाइकिल गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 100 मीटर गहरी खाई से निकालकर उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया गया।

कोतवाली प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया कि 112 डायल के माध्यम से सूचना मिली थी कि गलनाऊं के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

हादसे में सोम बोस्या (25) पुत्र रोबिन बोस्या निवासी जोरहाट, असम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋतिक (25) पुत्र धनंजय निवासी बक्सर ( बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गया।

दोनों को स्थानीय लोगों, पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की मदद से खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा से उन्हें उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने अन्य साथियों के साथ देहरादून से बदरीनाथ धाम की ओर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलनाऊं के पास ढलान पर मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर से टकरा गई, जिससे दोनों युवक खाई में जा गिरे। ऋतिक एक पेड़ और चट्टान के सहारे खाई में अटक गया, जबकि पीछे बैठे सोम बोस्या गहरी खाई में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित ने बताया कि सोम बोस्या को अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल ऋतिक का उपचार जारी है।