हल्द्वानी फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से चार युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

हल्द्वानी फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से चार युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

1000259798

Tragic accident on Haldwani flyover

हल्द्वानी। Tragic accident on Haldwani flyover: गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात करीब दस बजे भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने फ्लाईओवर के ऊपर खड़े चार दोस्तों को कुचल दिया।

हादसे में गोरापड़ाव हाथीखाल निवासी 17 वर्षीय राहुल राजपूत, गोरापड़ाव निवासी 25 वर्षीय शिवम, बेरीपड़ाव का 20 वर्षीय अंशु आर्य और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा चारों की मौत हो गई।

हादसे के बाद डा. सुशीला तिवारी अस्पताल का माहौल बेहद गमगीन हो गया। 17 वर्षीय राहुल राजपूत की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां, दोनों बहनें और भाई अस्पताल पहुंच गए।

राहुल की बहन कभी डाक्टरों के सामने हाथ जोड़कर भाई को बचाने की गुहार लगाती रही तो कभी पुलिसकर्मियों से कहती रही, 'साहब... मेरे भाई को जिंदा कर दो।' उसकी चीखें सुनकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम

जब पुलिस पोस्टमार्टम के लिए राहुल का शव मोर्चरी ले जाने लगी तो स्वजन ने शव से लिपटकर उसे जाने नहीं दिया। मां, दोनों बहनें और भाई बिलख-बिलखकर रोते रहे। काफी देर बाद पुलिस और स्वजन ने उन्हें समझाकर शव मोर्चरी भिजवाया। राहुल दो भाइयों और दो बहनों में से एक था तथा लालकुआं स्थित एक वायर कंपनी में काम करता था।

उधर, पेंट का काम करने वाले 25 वर्षीय शिवम के माता-पिता बेटे का शव देेखकर बेसुध हो गए। बड़ा भाई आकाश शिवम का शव लेकर सीधे आइसीयू पहुंच गया। डाक्टरों ने उसे बोला कि वह जिंदा नहीं है, तो जबरन एक बार जांच करने को कहने लगा।

आखिरकार उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए कुछ देर के लिए शव आइसीयू तक ले जाने दिया गया, जिसके बाद उसे बाहर लाया गया। वहीं, तीसरे मृतक अंशु आर्य की पहचान उसके साथियों ने की। देर रात तक उसके स्वजन अस्पताल नहीं पहुंच सके थे।

फ्लाईओवर पर क्या हुआ... आज सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा हादसे का सच

तीनपानी-गौलापार फ्लाईओवर हादसे को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चारों युवक फ्लाईओवर पर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।

वहीं, कुछ लोगों का दावा है कि युवक गलत दिशा में थे, जिसके कारण हादसा हुआ। हालांकि पुलिस ने किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जाएगी।

फुटेज के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि हादसे के समय स्कूटी सवार युवक कहां और किस स्थिति में थे तथा स्कॉर्पियो किस रफ्तार और दिशा में आ रही थी। जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।