अंब-मुबारिकपुर रोड पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत

अंब-मुबारिकपुर रोड पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत

Tragic accident on Amb-Mubarikpur road

Tragic accident on Amb-Mubarikpur road

  1. अंब-मुबारिकपुर रोड पर पार्सल पिकअप ट्राला दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

  2. हादसे में 27 वर्षीय रवि कुमार की दुखद मौत हुई।

  3. चालक राहुल चौधरी गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच जारी।

अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में अंब-मुबारिकपुर रोड पर कलरूही के समीप बुधवार रात एक पार्सल पिकअप ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से जा टकराया। इस भीषण हादसे में 27 वर्षीय रवि कुमार पुत्र जीत कुमार निवासी अप्पर अंदौरा की मौत हो गई, जबकि चालक 25 वर्षीय राहुल चौधरी पुत्र जसबीर सिंह गंभीर रूप से घायल है। 

बुरी तरह गाड़ी में फंस गए दोनों युवक

जानकारी के अनुसार उक्त सड़क हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ। ट्राला अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और दोनों युवक उसमें बुरी तरह फंस गए। 

दरवाजे तोड़कर बाहर निकाले

धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी के दरवाजे तोड़कर दोनों घायलों को बाहर निकाला। 

अंब से ऊना भेजे, पीजीआई ले जाते एक की मौत

घायलों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया था, लेकिन वहां पर भी उनकी हालत में कोई सुधार न होता देख डाक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते समय उनमें से रवि कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।