सहस्त्रधारा क्षेत्र में हादसा, गहरी खाई में गिरने से युवक की मौत, एसडीआरएफ ने शव किया बरामद

सहस्त्रधारा क्षेत्र में हादसा, गहरी खाई में गिरने से युवक की मौत, एसडीआरएफ ने शव किया बरामद

Accident At Sahastradhara

Accident At Sahastradhara

देहरादून: Accident At Sahastradhara: शहर के थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत 4 अप्रैल की देर रात सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक व्यक्ति लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया. स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर व्यक्ति का रेस्क्यू किया, लेकिन तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी. एसडीआरएफ टीम द्वारा व्यक्ति के शव को सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया. मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, प्रयास जारी है.

जानकारी के मुताबिक, थाना राजपुर को सूचना मिली कि चौकी आईटी पार्क क्षेत्रांतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक व्यक्ति लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया है. सूचना मिलने के बाद थाना राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता बताई गई. जबकि स्थानीय पुलिस बल पहले से ही मौके पर मौजूद था. सूचना प्राप्त होते ही पोस्ट सहस्त्रधारा से एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई. एसडीआरएफ टीम ने अत्यंत विषम और दुर्गम परिस्थितियों में गहन सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया. जिसके बाद कठिन प्रयासों के बाद टीम ने खाई में गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाते हुए उसे बाहर निकाला. लेकिन व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी.

थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने व्यक्ति के शव को सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है.