चंबा के उदयपुर में ट्रैक्टर हादसा, 26 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
Tractor Accident in Udaipur, Chamba
Tractor Accident in Udaipur, Chamba, ग्राम पंचायत उदयपुर में वीरवार देर रात्रि एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नोटी पुत्र नामो राम, निवासी उदयपुर के रूप में हुई है।
यह हादसा वीरवार रात लगभग 9:30 बजे उदयपुर पंचायत के पंप हाउस के समीप हुआ। नोटी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और घर का मुख्य सहारा था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को हादसे की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही द्रड्डा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है।
घर में वृद्ध माता-पिता हैं और बड़ी बहन का विवाह हो चुका है। बेटे की अचानक मौत की खबर सुनते ही मां सदमे से बेहोश हो गई, जबकि पिता नंगे पांव ही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इस दर्दनाक मंजर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, युवक का शव आज मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद सभी पुलिस औपचारिकताएं पूरी कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना अत्यंत दुखद है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की मृत्यु ट्रैक्टर के नीचे आने से हुई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। -विजय कुमार सकलानी,पुलिस अधीक्षक, चंबा