इन 12 देशों के लोगों की अमेरिका में एंट्री बैन; राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा ऐलान, 7 अन्य देशों पर भी कड़ा एक्शन, यहां देखिए पूरी लिस्ट

These 12 Countries People Entry Banned in America Donald Trump
Entry Ban in America: अमेरिका में 12 देशों के लोगों की एंट्री बैन कर दी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने बताया कि 12 देशों के लोगों के अमेरिका में दाखिल होने पर बैन लगा दिया है। इनके अमेरिका आने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं ट्रंप ने 12 देशों के अलावा 7 अन्य देशों पर भी कड़ा एक्शन लिया है। इन देशों से अमेरिका आने वाले लोगों पर विशेष शर्तें और पाबंदियां लागू होंगी। ट्रंप ने इस बड़े एक्शन के पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला दिया है।
किन 12 देशों के लोगों की अमेरिका में एंट्री बैन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जिन 12 देशों के लोगों की अमेरिका में एंट्री बैन की है। उन देशों में अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन जैसे देश शामिल हैं। इसके अलावा जिन अन्य 7 देशों के लोगों पर विशेष शर्तें और पाबंदियां लागू की जाएंगी। उनमें बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला जैसे देश शामिल हैं। सोमवार 9 जून से 12 बजे से अमेरिका में ट्रंप का यह आदेश प्रभावी हो जाएगा।
ज्ञात रहे कि, डोनाल्ड ट्रंप का यह फैसला वैसा कोई नया नहीं है। वह पहले भी ऐसा कर चुके हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी ट्रंप ने कई देशों के लोगों पर अमेरिका आने पर बैन लगाया था। बता दें कि ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान 7 मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों पर प्रतिबंध लगाया गया था। हालांकि, बाद में इस प्रतिबंध को हटा दिया गया था। लेकिन अब एक बार फिर ट्रंप ने 12 देशों के लोगों के अमेरिका में घुसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है और उन्हें अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया है।
ट्रंप ने क्यों लिया यह फैसला?
ट्रंप ने ये कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और अमेरिका के लोगों के हित को देखते हुए उठाया है। ट्रंप ने अपनी घोषणा में कहा, मुझे संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके लोगों की राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कार्य करना चाहिए। मैंने पहले शासन के दौरान कई देशों के विदेशी नागरिकों को प्रतिबंधित कर दिया था। मेरे लिए अमेरिका के लोगों की सुरक्षा पहला मुद्दा है। मैं हमारे लोगों की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने किसी भी तत्व को अमेरिका से दूर रखना चाहता हूं। ट्रंप ने कहा मैं मेरे देश में इस्लामिक कट्टरपंथियों को आने से रोकना चाहता हूं।
ट्रंप ने आगे कहा कि अप्रवासी वीजा पर प्रवेश करने वाले अमेरिका में वैध निवासी बन जाते हैं। ऐसे लोग राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा जैसी चिंता पैदा कर सकते हैं। बताया जाता है कि, ट्रंप ने सुरक्षा विभागों और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक को अमेरिका के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैये पर एक रिपोर्ट तैयार करने और यह पता लगाने के लिए कहा था कि क्या कुछ देशों से आने वाले लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा करते हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद 12 देशों पर पूर्ण बैन और 7 देशों पर कड़े नियम लागू किए गए हैं।