योगी सरकार ने पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया, इस विभाग के 14 हजार कर्मियों को मिलेगा लाभ
UP Government Order
लखनऊ। UP Government Order: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के नियमित कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। सरकार ने उनके महंगाई भत्ते (डीए) में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। अब कर्मचारियों को उनके मूल वेतन का 55 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा।
इसका लाभ निगम के करीब 14 हजार नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलेगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
परिवहन निगम के पूर्णकालिक कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के तहत महंगाई भत्ता देने की स्वीकृति एक जनवरी से दी गई है। हालांकि, इस बढ़ोतरी पर किसी तरह का एरियर (बकाया) नहीं दिया जाएगा। महंगाई भत्ता बढ़ाने का फैसला एम्पावर्ड कमेटी की सिफारिश के बाद लिया गया है।
कमेटी ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी थी, जिसके बाद आदेश जारी हुआ। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि इस बढ़ोतरी से जो अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा, उसे उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अपने संसाधनों से वहन करेगा।