सेक्टर 24 वर्कशॉप हादसे के दौरान झुलसे पीएसआई ने भी सफदरजंग अस्पताल में तोड़ा दम
Sector 24 Workshop Accident
अब तक मरने वालों की संख्या हुई चार
फायरकर्मी भविचंद की भी गुरुवार को अस्पताल में हुई थी मौत
फरीदाबाद । दयाराम वशिष्ठ: Sector 24 Workshop Accident: सेक्टर-24 की वर्कशॉप हादसे मे घायल 29 वर्षीय पीएसआई रवि की भी शनिवार सुबह दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल मे इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 40 फीसदी से अधिक झुलसे थे और छह दिन से अस्पताल में भर्ती थे। हादसे मे अबतक उनके अलावा दमकल कर्मी भविचंद,कालका जी लुब्रिकेंट कंपनी मालिक के बेटे अभिषेक समेत चार लोगों की मौत हो चुकी है । साथ भी कई लोगों की अस्पताल में हालत गंभीर बनी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीएसआई रवि मूलरूप से जिला कैथल स्थित गांव क्योडक के रहने वाले थे। वह मार्च-2022 में पीएसआई के पद पर हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग के बाद अक्टूबर-2023 में उनकी तैनाती मुजेसर थाना में की गई थी। तब वह मुजेसर थाना में ती तैनात थे। वह शादीशुदा थे और उनका कोई बच्चा नहीं था।
16 फरवरी यानि सोमवार की शाम डायल-112 पर आग लगने की सूचना प्राप्त होने के बाद वह अपनी टीम के साथ सेक्टर-24 में मुजेसर स्थित कालका जी लुब्रिकेंट कंपनी के वर्कशॉप में आग पर काबू पाने और बचाव कार्य करने के लिए पहुंचे थे। बचाव कार्य के दौरान कालका जी लुब्रिकेंट वर्कशॉप में लोहे के ड्रम में रखे केमिकल और ज्वलनशील पदार्थ में आग लगने से जोरदार धमाका हो गया। इसमें वह 40 फीसदी से अधिक झुलस गए। उन्हें पहले बीके अस्पताल, फिर नीलम-बाटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद शाम में दिल्ली पुलिस की सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस रवि के शव को पोस्मार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रवि साहसी और बहादुर पुलिस कर्मी थे और उन्होंने जान की परवाह नहीं करते हुए आग पर काबू पाने और उसमें फंसे लोगों को बचाने का प्रयास किया।
हादसे में अब तक चार लोगों की हुई मौत
16 फरवरी को शाम करीब साढ़े चार बजे मुजेसर स्थित शिव स्टील और कालका जी लुब्रिकेंट के वर्कशॉप में आग लगी थी। बताया जा रहा है कि इसमें पांच पुलिस कर्मी, दो दमकल विभाग के फायर मैन समेत करीब 42 लोग झुलस गए थे। सभी को पुलिस ने नजदीक स्थित अस्पतालों में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायलों में से अब तक पीएसआई रवि,दमकल विभाग के फायरमैन भविचंद समेत चार लोगों की मौत हो चुकी है। भविचंद का शव गुरुवार शाम सफदरजंग अस्पताल से पलवल जिले के पैतृक गांव रामपुर खोर लाया गया। जहां उनका देर शाम अंतिम संस्कार किया गया। इनके अलावा मरने वालों में कालका जी लुब्रिकेंट कंपनी के मालिक विजय मोंगा के बेटे अभिषेक, कर्मचारी प्रदीप भी शामिल हैं। कालका जी लुब्रिकेंट के मालिक विजय मोंगा की भी हालत गंभीर है और वह भी सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।
कालका जी लुब्रिकेंट में ही लगी थी आग:
जानकारी के अनुसार पुलिस ने अभी तक की जांच में पाया है कि सबसे पहले आग कालका जी लुब्रिकेंट के वर्कशॉप में ही लगी थी। आग लोहे के ड्रम में बंद पड़े करीब 200 लीटर केमिकल और ज्वलनशील पदार्थ में पकड़ लिया और भयावह स्थिति हो गई। इससे कई लोग घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आग लगने की असली वजह जानने के लिए पुलिस फारेंसिंक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही मुजेसर थाना की पुलिस विभिन्न पहलूओं से जांच कर रही है। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।