The process for 2027 has begun; in the first phase, the house count will be done

जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू, पहले चरण में 33 सवालों से होगी घर-मकानों की गणना

undefined

The process for 2027 has begun; in the first phase, the house count will be done

देश में होने वाली जनगणना 2027 को लेकर केंद्र सरकार ने औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जनगणना के पहले चरण की प्रश्नावली सार्वजनिक कर दी गई है, जिसमें 33 प्रश्न शामिल हैं। इस चरण में हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस के तहत घरों, मकानों और संस्थानों की गणना की जाएगी। यह भारत की 16वीं जनगणना होगी, जिसे पहले 2021 में होना था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण टाल दी गई थी।

सरकार के मुताबिक जनगणना दो चरणों में पूरी होगी। पहला चरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलेगा, जिसमें प्रत्येक राज्य को यह कार्य 30 दिनों में पूरा करना होगा। इस दौरान हर मकान/भवन से जुड़ी बुनियादी जानकारी दर्ज की जाएगी। दूसरा चरण (जनसंख्या गणना) फरवरी 2027 में होगा, जिसमें उम्र, लिंग, शिक्षा, रोजगार, भाषा, धर्म सहित विस्तृत सामाजिक-आर्थिक विवरण जुटाया जाएगा; इसकी प्रश्नावली बाद में जारी होगी।

पहले चरण की प्रश्नावली में मकान और परिवार की सुविधाओं पर फोकस रहेगा—जैसे मकान/भवन की पहचान संख्या, फर्श-दीवार-छत की सामग्री, उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक), स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या व मुखिया की जानकारी, पेयजल, शौचालय, रसोई, गैस कनेक्शन, बिजली, इंटरनेट, वाहन स्वामित्व (कार/बाइक/साइकिल) और मुख्य खाद्य उपभोग (अनाज आदि)। यह जानकारी परिवार के वरिष्ठ सदस्य द्वारा दी जाएगी। अभियान से लगभग 15 दिन पहले सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा भी मिलेगी और पूरा डेटा डिजिटल माध्यम से दर्ज किया जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया कि 2027 की जनगणना के आंकड़े नीति निर्माण, संसाधन आवंटन, परिसीमन और कल्याणकारी योजनाओं की आधारशिला बनेंगे। जारी अधिसूचना को जनगणना प्रक्रिया की दिशा में पहला बड़ा कदम माना जा रहा है।

 

33 सवालों की यह है पूरी लिस्ट:

  1. भवन संख्या (नगरपालिका/स्थानीय निकाय अथवा जनगणना संख्या)
  2. जनगणना गृह संख्या
  3. जनगणना गृह के फर्श की प्रमुख सामग्री
  4. जनगणना गृह की दीवार की प्रमुख सामग्री
  5. जनगणना गृह की छत की प्रमुख सामग्री
  6. जनगणना गृह का उपयोग
  7. जनगणना गृह की स्थिति
  8. परिवार संख्या
  9. परिवार में सामान्यतः निवास करने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या
  10. परिवार के मुखिया का नाम
  11. परिवार के मुखिया का लिंग
  12. क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य से संबंधित है
  13. जनगणना गृह का स्वामित्व स्वरूप
  14. परिवार के विशेष अधिकार में उपलब्ध आवासीय कमरों की संख्या
  15. परिवार में रहने वाले विवाहित दंपतियों की संख्या
  16. पीने के पानी का मुख्य स्रोत
  17. पीने के पानी के स्रोत की उपलब्धता
  18. प्रकाश व्यवस्था का मुख्य स्रोत
  19. शौचालय की उपलब्धता
  20. शौचालय का प्रकार
  21. अपशिष्ट जल निकासी व्यवस्था
  22. स्नान सुविधा की उपलब्धता
  23. रसोईघर तथा एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता
  24. खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईंधन
  25. रेडियो/ट्रांजिस्टर
  26. टेलीविजन
  27. इंटरनेट की उपलब्धता
  28. लैपटॉप/कंप्यूटर
  29. टेलीफोन/मोबाइल फोन/स्मार्टफोन
  30. साइकिल/स्कूटर/मोटरसाइकिल/मोपेड
  31. कार/जीप/वैन
  32. परिवार में उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज
  33. मोबाइल नंबर (केवल जनगणना संबंधी संचार हेतु)