उन्नाव मुठभेड़: साधु मिलनदास हत्याकांड का मुख्य आरोपित इजराइल पुलिस एनकाउंटर में ढेर
the prime accused in the Sadhu Milan Das murder case
उन्नाव। बांगरमऊ के घूरेटोला में साधु मिलनदास की हत्या के मुख्य आरोपित एक लाख के इनामी इजराइल को सोमवार तड़के 5 बजे पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम का एक सिपाही भी घायल हुआ है।
बांगरमऊ के घूरेटोला मुहल्ले में 9 जून मंगलवार की दोपहर निर्माणाधीन मंदिर से लगभग 300 मीटर दूर सभासद अतीक की झोपड़ी में बांगरमऊ के पूर्वियाटोला निवासी इजरायल ने अपने साथियों के साथ मिलकर साधु मिलन दास की पीठ में खंजर घोपकर हत्या कर दी थी।
शानू अभी भी पकड़ से दूर
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर यामीन, शफी, लल्ली और अली मोहम्मद को जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपित इजराइल और शानू लगातार पुलिस की गिरफ्त से दूर थे। पुलिस ने इजराइल पर एक लाख का इनाम घोषित किया था।
सोमवार तड़के हुई मुठभेड़
सोमवार तड़के बांगरमऊ क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के आगे ताजपुर गांव जाने वाले अंडरपास के पास पुलिस और मुख्य आरोपित इजराइल के बीच मुठभेड़ हो गई। दो गोली लगने से हत्यारोपित इजराइल ढेर हो गया। मुठभेड़ में स्वाट टीम के सिपाही विकास भदौरिया दाहिने हाथ में गोली लगने से घायल हुआ है। वहीं बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने से बांगरमऊ कस्बा चौकी प्रभारी न्यूटन कुमार सिंह बाल बाल बच गए।
डीएम और एसपी घटनास्थल पर पहुंचे
मुठभेड़ की सूचना पर फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं। डीएम घनश्याम मीना और एसपी जयप्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं । घायल सिपाही विशाल को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया है।