लखनऊ में गूंजा णमोकार महामंत्र: जनभवन से दिया गया विश्व शांति और मानवता का संदेश
The Namokar Mahamantra Resounds in Lucknow
लखनऊ। The Namokar Mahamantra Resounds in Lucknow, जनभवन से गुरुवार को विश्व णमोकार महामंत्र दिवस पर विश्व शांति और सद्भावना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से णमोकार महामंत्र का जाप किया गया।
जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिरों और विभिन्न स्थानों पर एक साथ मंत्रोच्चार किया गया। णमोकार महामंत्र जैन धर्म का प्राचीन और सार्वभौमिक मंत्र है, जो किसी व्यक्ति विशेष नहीं बल्कि ज्ञान, दर्शन, चरित्र और तप जैसे गुणों को नमन करता है।
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विशिष्ट व्यक्तियों को सेवा सम्मान से सम्मानित करते हुए कहा कि विज्ञान और अध्यात्म के संतुलन से ही राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भोजन का एक भी दाना व्यर्थ न जाने दें और जल, पर्यावरण व मिट्टी के संरक्षण के लिए जागरूक रहें।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने जैन समाज की सेवा और अहिंसा की परंपरा की सराहना की। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि णमोकार मंत्र विश्व शांति और सभी जीवों के कल्याण का संदेश देता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डॉ. वीरेंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रेम, करुणा और अहिंसा को अपनाकर ही सच्ची मानवता की सेवा की जा सकती है।