कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था पहुंचा गंगटोक
The first batch of the Kailash Mansarovar Yatra
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
जून 16, नई दिल्ली:
कैलाश मानसरोवर यात्रा के नाथू ला मार्ग से इस वर्ष का पहला तीर्थयात्रियों का जत्था सोमवार शाम गंगटोक पहुंच गया है। इस पहले जत्थे में कुल 44 लोग शामिल हैं, जिनमें दो समन्वयक अधिकारी और एक चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद हैं। दल में 32 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं।
यात्रियों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। वहीं सिक्किम पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष लुकेंद्र रसाइली और उप महाप्रबंधक अमित कपिल छेत्री ने एक स्थानीय होटल में तीर्थयात्रियों का अभिनंदन किया। यात्रियों के लिए चार दिन का अनुकूलन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है ताकि वे उच्च ऊंचाई और बदलते मौसम की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल सकें।
इसके बाद यह दल 20 जून को ग्यांत्से नगर के लिए रवाना होगा, जो नाथू ला मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। वहीं इस दल के यात्रियों ने सिक्किम सरकार का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें कैलाश मानसरोवर यात्रा का अवसर मिलने पर अत्यंत खुशी है।