धामी सरकार ने भी काफिला आधा किया, PM मोदी की अपील को बताया राष्ट्रहित का संकल्प

धामी सरकार ने भी काफिला आधा किया, PM मोदी की अपील को बताया राष्ट्रहित का संकल्प

CM Dhami Fleet Vehicles Reduced

CM Dhami Fleet Vehicles Reduced

देहरादून: CM Dhami Fleet Vehicles Reduced: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई अपील का असर अब देश भर में दिखाई देने लगा है. बीते दिन उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा विधायक प्रेमचंद अग्रवाल स्कूटी से आवाजाही करते दिखाई दिए. तो वहीं अब दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फ्लीट में भी कटौती कर दी गई है. सीएम धामी के काफिले में जहां पहले सुरक्षा वाहनों के साथ कुल 9 गाड़ियां चलती थी. वहीं, इसे घटकर सुरक्षा वाहनों के साथ पांच गाड़ियां कर दी गई है.

दरअसल, 13 मई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक हुई. बैठक में शामिल होने के लिए तमाम मंत्री सचिवालय पहुंचे. खास बात यह रही कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सरकारी वाहनों के बजाय इलेक्ट्रिक स्कूटी के जरिए सचिवालय पहुंचे. वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने काफिले में मौजूदा वाहनों की संख्या को घटाकर पांच कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की और से देशवासियों से की गई अपील का असर अब देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी देखने को मिल रहा है. इसकी शुरुआत 'माननीयों' से हो गई है.

पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद के बीच गैस और अन्य ऊर्जा संसाधनों की प्रयाप्त मात्रा में सप्लाई नहीं हो पा रही है. जिस कारण भारत सरकार लगातार, इस बात जोर दे रही है कि ऊर्जा संसाधनों का सीमित इस्तेमाल किया जाए. इसी बीच पीएम मोदी की ओर से हैदराबाद रैली में लोगों को संबोधित करते हुए पेट्रोल, एलपीजी गैस की खपत कम करने और अगले एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी.

पीएम मोदी ने कहा कि, पश्चिम एशिया में संकट के बीच विदेशी मुद्रा संरक्षण के लिए पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कारपूलिंग करने, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने, पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और घर से काम करने का सुझाव दिया. संकट के कारण विदेशी मुद्रा बचाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने एक साल के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्रा स्थगित करने का आह्वान किया है.

पीएम मोदी की अपील के बाद धामी मंत्रिमंडल के मंत्री भी इसे अमल में लाने की बात कह रहे हैं. उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो देश की जनता से अपील की है, वो समय को देखते हुए बहुत जरूरी है. वर्तमान समय में पश्चिम एशिया में जो युद्ध चल रहा है, उसको देखते हुए सभी को सहयोग करने की जरूरत है. ऐसे में सभी लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों और इलेक्ट्रिक बसों का इस्तेमाल करना चाहिए जिससे पेट्रोल और डीजल को बचाया जा सके. अगर किसी घर में चार गाड़ियां हैं तो वो सिर्फ एक गाड़ी का ही इस्तेमाल करें. लोगों को चाहिए कि वह पार्टनर्स शिप के रूप में वाहनों का इस्तेमाल करें.
-प्रदीप बत्रा, परिवहन मंत्री-

समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने कहा कि,

मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान वो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध करेंगे कि मंत्रियों के साथ जो एक सुरक्षा की गाड़ी चलती है उसको राजधानी में हटा दिए जाए. ऐसे में जब मंत्री को आउट ऑफ स्टेशन जाना हो, तभी सुरक्षा की गाड़ी का इस्तेमाल हो. क्योंकि अगर शहर में रहना है तो उसके लिए एक गाड़ी ही काफी है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को दिशा निर्देश दिए हैं कि जितना कम खर्च हो सकता है उतना कम करें.
-खजान दास, समाज कल्याण मंत्री-

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि,

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फ्यूल की कीमत लगातार बढ़ रही है. ऐसे में राष्ट्रहित और देश की आर्थिक की मजबूती के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की है कि इस समय कम से कम ऊर्जा का उपयोग करें. साथ ही सोना खरीदना कुछ समय के लिए टाल दें. ऐसे में जरूरी है कि अगर कहीं तीन-चार गाड़ियों को लेकर जा रहे हैं तो गाड़ियों की संख्या को कम कर दें. हालांकि, काम भी करना है और ऊर्जा की बचत भी करनी है. लिहाजा अमले को कम से कम किया जाए.
-सुबोध उनियाल, वन मंत्री, उत्तराखंड-

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि,

पीएम मोदी की अपील धरातल पर उतरती दिखाई देगी. आज नहीं तो कल सभी को ऊर्जा संसाधन की बचत की दिशा में आना पड़ेगा. जो वैश्विक संकट छाया हुआ है, उसका असर सिर्फ भारत पर नहीं, बल्कि पूरे विश्व पर पड़ रहा है. प्रधानमंत्री की ओर से इससे पहले भी की गई अपील को जनता ने माना है. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जब अपील की तो उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोकल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में वह स्कूटर से जाएंगे.
-गणेश जोशी, कृषि मंत्री-