देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ने को तैयार, जींद से सोनीपत रूट पर जल्द भरेगी रफ्तार
- By Gaurav --
- Monday, 16 Mar, 2026
The country's first hydrogen train is ready to run; it will soon pick up speed on the Jind to Sonipa
भारत में रेलवे तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय रेलवे देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। यह ट्रेन हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच चलाए जाने की योजना है और फिलहाल इसके अंतिम तकनीकी परीक्षण जारी हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन और हाइड्रोजन प्लांट की टेस्टिंग के लिए विशेषज्ञों की टीमें मौके पर मौजूद हैं। सभी सुरक्षा और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को हरी झंडी दी जाएगी और फिर यह यात्रियों के लिए शुरू हो सकेगी।
इस हाइड्रोजन ट्रेन को पूरी तरह भारत में डिजाइन और विकसित किया गया है। इसमें कुल 10 कोच होंगे, जिनमें दो पावर कार और आठ यात्री कोच शामिल हैं। ट्रेन एक बार में लगभग 2500 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखती है और इसकी अधिकतम गति करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन 360 किलो हाइड्रोजन में करीब 180 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें डीजल की जगह हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक का उपयोग होगा, जिससे धुएं की जगह सिर्फ पानी और भाप निकलती है। इससे कार्बन उत्सर्जन बेहद कम होगा और पर्यावरण को नुकसान भी नहीं पहुंचेगा।
ट्रेन के कोच मेट्रो की तरह आधुनिक बनाए गए हैं। इसमें एसी, लाइट, पंखे और डिजिटल डिस्प्ले जैसी सुविधाएं होंगी। दरवाजे पूरी तरह बंद होने के बाद ही ट्रेन स्टेशन से चलेगी और सफर के दौरान शोर भी बेहद कम होगा, जिससे यात्रियों को आरामदायक अनुभव मिलेगा।
हाइड्रोजन ट्रेन शुरू होने के साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा जो स्वच्छ ऊर्जा से चलने वाली रेल तकनीक का उपयोग कर रहे हैं। यह परियोजना रेलवे के ग्रीन मोबिलिटी मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।