ईंधन बचत की अनूठी मिसाल: राजसमंद में अलग-अलग गाड़ियां छोड़ एक ही बस में सवार होकर 'संध्या चौपाल' पहुंचे कलेक्टर और एसपी
The Collector and Superintendent of Police
उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ईंधन बचत अपील के बाद राजसमंद जिला प्रशासन ने अनूठी पहल करते हुए सामूहिक यात्रा का संदेश दिया।
शनिवार शाम कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व में जिले के वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग सरकारी वाहनों के बजाय एक ही बस में सवार होकर चारभुजा-गढ़बोर पहुंचे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, उप वन संरक्षक आरएन भाकर सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर से बस के जरिए रवाना हुए, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। आमजन ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
संध्या चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
चारभुजा-गढ़बोर में ग्राम विकास रथ अभियान के तहत आयोजित संध्या चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।