कुल्लू की पार्वती घाटी में दिल्ली के युवक का शव बरामद, दोस्तों के साथ घूमने आया था पर्यटक
The body of a young man from Delhi was found in Kullu's Parvati Valley
कुल्लू। पार्वती घाटी की मलाणा स्थित वेचिंग वैली में घूमने आए दिल्ली के 24 वर्षीय पर्यटक का शव रिवर फ्रंट नाले से बरामद हुआ है। युवक पिछले दिनों से लापता था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
वीरवार सुबह गांव की एक महिला ने नाले में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मणिकर्ण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव 24 वर्षीय की पहचान मोहित चौधरी पुत्र कमल सिंह निवासी सदर बाजार, दिल्ली कैंट के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मोहित सात मई को अपने दोस्तों के साथ मलाणा घूमने आया था। 10 मई को सभी युवक वेचिंग वैली स्थित रिवर प्वाइंट कैफे में ठहरे हुए थे। इसी दौरान मोहित अपने साथियों से सामान लेने की बात कहकर वहां से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
दोस्तों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिसके बाद मामले की सूचना मणिकर्ण पुलिस को दी गई थी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया। वीरवार को युवक का शव होटल से करीब 15 मिनट की दूरी पर रिवर फ्रंट नाले में मिला। प्रारंभिक जांच में युवक के चेहरे, बाजुओं और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि युवक की मौत गहरी खाई या नाले में गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया है। मृतक के भाई सहित दिल्ली से तीन अन्य स्वजन कुल्लू पहुंच चुके हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने साथियों के संपर्क में रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।