पटियाला में आतंकी साजिश का खुलासा: हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

पटियाला में आतंकी साजिश का खुलासा: हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

Terror plot uncovered in Patiala: Huge cache of weapons recovered

Terror plot uncovered in Patiala: Huge cache of weapons recovered

पटियाला/तरनतारन। पंजाब के पटियाला जिले के शंभू के पास गांव बठौणियां में सोमवार देर रात ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर के रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के आरोप में गिरफ्तार तरनतारन के गांव पंजवड़ निवासी आतंकी सतनाम सिंह की निशानदेही पर हथियारों की बड़ी खेप बरामद हुई है।

 

इन हथियारों में एक राकेट प्रोपेल्ड गन (आरपीजी), तीन डेटोनेटर, एक बैटरी, एक किलो 456 ग्राम आरडीएक्स के दो पैकेट, एक पी 86 हैंड ग्रेनेड, तीन पिस्टल, पांच मैगजीन, 84 कारतूस, दो वायरलेस सेट, एक हेडफोन और दो टाइमर स्विच शामिल हैं।

 

यह हथियार ट्रैक पर बम फिट करते समय मारे गए सतनाम सिंह के भाई जगरूप सिंह ने ही एक तबेले में छिपा रखे थे। बरामदगी से साफ है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ ने पंजाब को दहलाने की बड़ी साजिश रची थी। पाकिस्तान में बैठे आतंकी रणजीत सिंह नीटा व आस्ट्रेलिया में सक्रिय आतंकी संगठनों के भी मामले से तार जुड़े हैं।

 

डीजीपी गौरव यादव का कहना है कि अभी जांच जारी है। इससे पहले मंगलवार को गिरफ्तार चारों आतंकियों को पटियाला की सेशन कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने चारों को सात दिन की रिमांड पर भेज दिया। रिमांड पर लेने के बाद आतंकी सतनाम सिंह को देर शाम उसके तरनतारन स्थित गांव पंजवड़ से उसकी निशानदेही पर घर से कुछ दूर मकान से हथियार बरामद किए।


सोमवार को हुए धमाके के दौरान मौजूद थे चारों आतंकी

आतंकियों से पूछताछ में पता चला है कि सोमवार रात साढ़े आठ बजे रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाते समय सभी आतंकी मौके पर मौजूद थे। अचानक धमाका हो गया और जगरूप सिंह के चीथड़े उड़ गए। उसके भाई सतनाम ने साथियों के साथ शव ले जाने की कोशिश की थी।

सभी करीब 200 मीटर तक शव ले गए, लेकिन अंधेरा होने से शरीर के कुछ अंग न मिलने से छोड़कर फरार हो गए थे। उधर, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार इसे हलका ब्लॉस्ट बता रही है, जबकि यह घटना गंभीर है।