अफगान‍िस्तान के ख‍िलाफ सीरीज के लिए टीम इंड‍िया का ऐलान, 4 नए चेहरों को मौका

अफगान‍िस्तान के ख‍िलाफ सीरीज के लिए टीम इंड‍िया का ऐलान, 4 नए चेहरों को मौका

India Squad For Afghanistan Series

India Squad For Afghanistan Series

India Squad For Afghanistan Series: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने 6 जून से शुरू होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है. इस सीरीज में एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे.

टीम की कप्तानी शुभमन गिल ही करते रहेंगे, जबकि टीम में कुछ अहम बदलाव भी किए गए हैं. सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है, जबकि चार नए खिलाड़ियों को पहली बार टीम में शामिल किया गया है.

चार नए खिलाड़ियों को मिला मौका

मानव सुथार को टेस्ट में तो प्रिंस यादव को वनडे में पहली बार मौका मिला है, जबकि गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे को दोनों फॉर्मेट में पहली बार टीम में जगह दी गई है. उन्हें यह मौका घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत मिला है.

कौन हैं चारों नए खिलाड़ी?

मानव सुथार, राजस्थान के एक लेफ्ट-आर्म स्पिनर हैं, जिन्होंने 2022 में अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था. उन्होंने 52 फर्स्ट-क्लास पारियों में 129 विकेट लिए हैं. वो आईपीएल में गुजरात टाइटन्स के लिए चार मैच खेले हैं.

गुरनूर बरार पंजाब के एक पेसर हैं, जिन्होंने 2022 में अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और 2023 में पंजाब किंग्स के लिए अपना IPL डेब्यू किया. लेकिन वो इस सीजन गुजरात के लिए खेल रहे हैं. 2024-25 का घरेलू सीजन उनके करियर के लिए निर्णायक साबित हुआ, जिसमें वे रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने और सात मैचों में 26 विकेट चटकाए.

दिल्ली के रहने वाले प्रिंस यादव फिलहाल IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं. इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 12 IPL मैचों में 8.70 की इकॉनमी और 16.87 के स्ट्राइक रेट के साथ 16 विकेट लिए हैं.

हर्ष दुबे विदर्भ से आते हैं, और यह बाएं हाथ के स्पिनर IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे हैं. उन्होंने अब तक टीम के लिए 13 विकेट लिए हैं. इसके अलावा उन्होंने 133 फर्स्ट-क्लास विकेट और 31 लिस्ट A विकेट भी लिए हैं.

ऋषभ पंत से छिनी उपकप्तानी

ये भी उल्लेखनीय है कि ऋषभ पंत को टेस्ट की उपकप्तानी से हटा दिया गया है और उनकी जगह केएल राहुल को उप कप्तान की जिम्मेदारी सौंप दी गई है. हालांकि पंत को टेस्ट स्क्वाड में बरकरार रखा गया है. इसके अलावा रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को सीरीज में खेलने के लिए अपनी फिटनेस को साबित करना होगा.

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे.

अफगानिस्तान श्रृंखला के लिए भारत की टेस्ट टीम

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, ध्रुव जुरेल, हर्ष दुबे.

आकिब नबी को नहीं मिला मौका

हैरानी की बात ये है कि जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी, जिनका पिछले दो सालों में रणजी में शानदार प्रदर्शन रहा है, उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है. नबी ने 2025/26 सीजन में 17 पारियों में 60 विकेट लिए थे और उस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी थे. उन्होंने जम्मू कश्मीर को अपना पहला खिताब जिताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. इसके अलावा, कई सीनियर खिलाड़ियों ने भी उनके बारे में बात की थी, लेकिन फिर भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है.

भारत अफगानिस्तान सीरीज का शेड्यूल

टेस्ट मैच का शेड्यूल
पहला टेस्ट 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में

वनडे सीरीज का शेड्यूल

पहला ODI धर्मशाला में - 14 जून - दोपहर 1:30 बजे

दूसरा ODI लखनऊ में - 17 जून - दोपहर 1:30 बजे

तीसरा ODI चेन्नई में - 20 जून - दोपहर 1:30 बजे

Last Updated : May 19, 2026 at 5:26 PM IST