उत्तर प्रदेश में मानसून सीजन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य
Target set to plant over 350 million saplings in Uttar Pradesh
लखनऊ। Target set to plant over 350 million saplings in Uttar Pradesh, उत्तर प्रदेश को ‘हरित प्रदेश’ बनाने की दिशा में जुटी योगी सरकार ने इस वर्ष भी मानसून सीजन में एक दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। पिछले नौ वर्षों में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। 35 करोड़ पौधे लगने के बाद प्रदेश में कुल पौधारोपण 277 करोड़ के पार पहुंच जाएगा।
वर्ष 2025 में एक ही दिन नौ जुलाई को 37.21 करोड़ पौधे लगाकर उत्तर प्रदेश ने रिकार्ड भी बनाया था।पौधारोपण को जनांदोलन बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश के सभी विभागों के साथ ही स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को इससे जोड़कर इसे व्यापक जनभागीदारी का रूप दिया गया है।
इस वर्ष पौधारोपण के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न पौधशालाओं में 52 करोड़ से अधिक पौधे तैयार किए जा रहे हैं। बजट में सामाजिक वानिकी के लिए 800 करोड़, पौधशाला प्रबंधन के लिए 220 करोड़ और प्रतिकारात्मक वनरोपण के लिए 189 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है
साथ ही, गांवों में ‘ग्रीन चौपाल’ के जरिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। अब तक 18 हजार से अधिक ग्रामसभाओं में चौपालों का आयोजन हो चुका है, जहां लोगों को पौधारोपण और संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य 2030 तक प्रदेश का हरित आवरण 15 प्रतिशत तक पहुंचाना है। वर्तमान में यह 9.96 प्रतिशत है।