टामटिया गांव 'छावनी' में तब्दील: 10 नहीं, अब 40 मकानों को फूंका; प्रेम-प्रसंग की रंजिश ने जलाया पूरा गांव

टामटिया गांव 'छावनी' में तब्दील: 10 नहीं, अब 40 मकानों को फूंका; प्रेम-प्रसंग की रंजिश ने जलाया पूरा गांव

Tamtia village transformed into a cantonment: Not just 10

Tamtia village transformed into a 'cantonment': Not just 10, but now

उदयपुर। राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर हुई युवक की हत्या ने पूरे इलाके को हिंसा की आग में झोंक दिया। रविवार रात हुए खूनी घटनाक्रम के बाद उग्र भीड़ ने दूसरे पक्ष की बस्ती पर हमला कर करीब 40 मकानों को आग के हवाले कर दिया। आगजनी, पथराव और दहशत के बीच कई परिवार बेघर हो गए। सोमवार को भी गांव में तनाव बरकरार है और भारी पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है।

बताया जा रहा है कि युवक की बहन और दूसरे पक्ष के युवक के बीच चल रहे प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद पुराना था। इसी रंजिश में आरोपियों ने युवक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या की खबर फैलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने हमला बोल दिया और आगजनी की घटनाएं शुरू हो गईं। मौके पर एसपी सुधीर जोशी बने हुए हैं। उनके नेतृत्व में लोहारिया, घाटोल, सदर और रिजर्व पुलिस लाइन से करीब 100 पुलिसकर्मियों का जाब्ता मौके पर तैनात है।


गांव में सन्नाटा, लोग दहशत में

घटना के बाद सोमवार सुबह भी जले हुए मकानों से धुआं उठता रहा। गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग दहशत में हैं। मोटागांव थानाधिकारी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। दोनों पक्षों की ओर से पहले भी मामला दर्ज हो चुका था। रविवार रात को अचानक हालत बिगड़ गए। फिलहाल दोनों पक्षों से बात की जा रही है। जांच अधिकारी हेमेंद्र सिह ने बताया- अप्रैल महीने में ही दोनों पक्षों की तरफ से 3 मुकदमे दर्ज हुए थे। दोनों पक्षों को पाबंद करवाया गया था। एक मामले में चालान भी पेश हो चुका था।


इस तरह चला घटनाक्रम

  • प्रेम-प्रसंग के विवाद में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या
  • गुस्साई भीड़ ने दूसरे पक्ष के करीब 40 मकानों को फूंका
  • आगजनी में कई घर, वाहन और सामान जलकर राख
  • महिलाओं-बच्चों सहित परिवार रात में गांव छोड़ भागे
  • फायर ब्रिगेड को रोका गया, पुलिस पर पथराव
  • मौके पर 4 थानों का जाब्ता और रिजर्व फोर्स तैनात
  • रास्ते जाम कर बाहरी लोगों की एंट्री रोकी गई
  • 3 संदिग्ध हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलश जारी
  • पहले भी दोनों पक्षों में विवाद के 3 मुकदमे दर्ज
  • ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की