खेल-खेल में निगली कील, डॉक्टरों ने बिना ऑपरेशन बचाई मासूम की जान
- By Gaurav --
- Tuesday, 10 Feb, 2026
Swallowed a nail while playing, doctors saved the child's life without surgery.
पानीपत में डॉक्टरों की तत्परता और आधुनिक तकनीक से एक 4 साल की बच्ची की जान बच गई। खेल-खेल में लोहे की कील निगलने के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई थी। 3 सेंटीमीटर लंबी नुकीली कील पेट से होते हुए आंत के बेहद संवेदनशील हिस्से में फंस गई, जिससे उसे असहनीय दर्द होने लगा और उसने खाना-पीना भी छोड़ दिया।
घबराए परिजन बच्ची को लेकर एक के बाद एक तीन अस्पतालों में पहुंचे, लेकिन कील की जटिल लोकेशन और बच्ची की कम उम्र को देखते हुए डॉक्टरों ने ऑपरेशन का जोखिम लेने से मना कर दिया। कील के जरा भी खिसकने पर आंत में छेद और संक्रमण फैलने का खतरा था, जो जानलेवा साबित हो सकता था।
आखिरकार परिवार पानीपत के एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचा, जहां वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. माधव और उनकी टीम ने मामले को संभाला। एक्स-रे रिपोर्ट का गहन अध्ययन करने के बाद डॉक्टरों ने बिना सर्जरी के एंडोस्कोपिक तकनीक से कील निकालने का निर्णय लिया। सावधानीपूर्वक की गई प्रक्रिया सफल रही और बिना चीर-फाड़ के कील बाहर निकाल ली गई।
कील निकलते ही बच्ची को दर्द से राहत मिली और अब वह पूरी तरह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डॉक्टरों ने इस घटना के बाद अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों की पहुंच से छोटी और नुकीली वस्तुएं दूर रखें, क्योंकि ऐसी लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है।