विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, एशियन गेम्स ट्रायल खेलने की अनुमति
- By Gaurav --
- Friday, 29 May, 2026
Supreme Court Grants Relief
ओलिंपियन रेसलर Vinesh Phogat को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें एशियन गेम्स चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दे दी है। अदालत ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें विनेश फोगाट को ट्रायल से रोकने की मांग की गई थी।
जानकारी के अनुसार, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की बेंच ने WFI की अर्जी पर सुनवाई करते हुए हस्तक्षेप से इनकार कर दिया। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने 22 मई को अपने आदेश में विनेश फोगाट को 30 और 31 मई को दिल्ली में होने वाले चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी थी। WFI ने इसी फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
बताया जा रहा है कि इन ट्रायल्स में प्रदर्शन के आधार पर सितंबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब विनेश फोगाट के लिए ट्रायल में उतरने का रास्ता साफ हो गया है।
विनेश फोगाट ने अपना आखिरी मुकाबला 2024 के Paris Olympics में खेला था। उन्होंने सेमीफाइनल में क्यूबा की पहलवान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन फाइनल से पहले वजन जांच में उनका वजन निर्धारित सीमा से 100 ग्राम अधिक पाया गया, जिसके बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
इसके बाद 8 अगस्त 2024 को उन्होंने कुश्ती से संन्यास का ऐलान कर दिया था। हालांकि, 12 दिसंबर 2025 को विनेश फोगाट ने संन्यास वापस लेने की घोषणा करते हुए कहा था कि उनका लक्ष्य 2028 में होने वाले Los Angeles Olympics में भारत का प्रतिनिधित्व करना है।